प्रेमी के चाचा ने बंधक बनाकर युवती के साथ किया दुष्कर्म, फरियाद करने पर प्रेमिका को भगाया Raebareli News
रायबरेली में प्रेमी के चाचा ने प्रेमिका के साथ किया दुष्कर्म वारदात के बाद दबाव में प्रेमी युवक ने युवती को छोड़ा मुकदमा दर्ज।
रायबरेली, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के पूरे अचल सिंह मजरे देवगांव में प्रेमी के चाचा द्वारा युवती को दो दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरे अचल सिंह निवासी गुड्डू का पड़ोस के गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 11 सितंबर को घर छोड़कर चले गए। 27 सितंबर को इसकी शिकायत लालगंज पुलिस से की गई। जिस पर 28 सितंबर को दोनों कोतवाली पहुंचे और आपसी सुलह समझौते के बाद युवती अपने प्रेमी के साथ उसके घर चली गई। फिर कुछ दिन बाद गुड्डू पूंजी कमाने के लिए अहमदाबाद चला गया। युवती गांव में ही रुक गई। आरोप है कि 22 नवंबर को गुड्डू का चाचा राजकिशोर युवती को अपने घर बुलाकर ले गया और बंधक बना लिया। फिर दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। किसी तरह वह उसके चंगुल से छूटकर भाग निकली। वह सीधे अपने प्रेमी के पास अहमदाबाद पहुंच गई। वहां पर गुड्डू का व्यवहार भी बदल गया। अपने चाचा राजकिशोर के कहने पर उसने पीड़िता को भगा दिया।
सोमवार को युवती अहमदाबाद से लौटी और सीधे कोतवाली पहुंच गई। उसने राजकिशोर के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संगीन है। जांच चल रही है। जो भी दोषी होगा, उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।