चार माह से लापता बेटी मिली इस हाल में, मुंबई में मिला हत्यारा-जानिए क्या है मामला Lucknow News
जून से नहीं था मुंबई से लापता थी महिला बंथरा पुलिस ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर आरोपित पति को पकड़ा टीम रवाना।
लखनऊ, जेएनएन। बंथरा में रविवार सुबह मिले महिला के शव की शिनाख्त अमेठी जगदीशपुर निवासी एसी मैकेनिक नसीम अहमद की पत्नी मोहसिना बेगम (27) के रूप में हुई। अखबार में खबर पढ़कर तीन माह से लापता बेटी को खोज रहे उसी गांव के रहने वाले मोहसिना के पिता मुस्ताक अहमद ने बुधवार शहर आकर इसी पुष्टि की। पुलिस आरोपित पति को मुंबई पुलिस की मदद से शहर लाने के लिए रवाना हो गई।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक की पड़ताल में सामने आया है कि मोहसिना की शादी करीब 8 साल पहले गांव के ही एसी मैकेनिक नसीम अहमद से हुई थी। इसके साथ वह मुंबई चली गई। जून में मोहसिना संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिवारजन के मुताबिक जिसकी गुमशुदगी वहां के थाने में दर्ज है। मृतका के पिता के मुताबिक अखबारों में एक शव मिलने की सूचना पर मंगलवार शाम थाने आए हुलिए के आधार पर बेटी के होने की आशंका जाहिर की। इस पर बुधवार को पोस्टमॉर्टम में शव देख कर उसकी शिनाख्त की। परिवारजनों के शक और साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति की धरपकड़ के लिए मुंबई पुलिस से संपर्क किया गया है। उससे पूछताछ कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
रविवार को मिला था शव
बंथरा पुराही खेड़ा गांव के पास गांव से नरेरा जाने वाली रोड पर रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिला था। उसकी आंखें झुलसी थीं और नाक से खून का रिसाव भी हो रहा था और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे ग्रामीणों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी व्यक्त की थी। शव के पास एसिड की बोतल भी मिली थी।