Woman Delivers Baby On Road: सड़क पर जन्मी बच्ची, लखनऊ पुलिस बनी मददगार, पहुंचाया अस्पताल
Woman Delivers Baby On Road गस्त के दौरान महिला की कराह व बच्चे की चीख सुनकर पहुँचे पुलिसकर्मी। मानसिक रूप से अस्वस्थ है महिला अस्पताल में इलाज जारी।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में शनिवार देर रात में मानसिक मंदित महिला ने सड़क किनारे एक बच्ची को जन्म दिया। महिला के आसपास कोई नहीं था। दुनिया से बेखबर मां दर्द से तड़प रही थी, जबकि पास में उसकी नवजात बच्ची चीख रही थी। इसी बीच मसीहा बनकर लखनऊ पुलिस वहां पहुँच गई और जच्चा बच्चा को अस्पताल पहुँचाया।
दरअसल, काकोरी पुलिस शनिवार देर रात में गश्त पर निकली थी। इंस्पेक्टर प्रमेन्द्र सिंह के साथ महिला दारोगा रीना वर्मा व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। कोतवाली से कुछ दूर निकलने पर पुलिसकर्मियों को बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पास जाकर देखा तो मामले की जानकारी हुई। महिला दारोगा रीना वर्मा महिला सिपाहियों के साथ जच्चा बच्चा को अस्पताल लेकर गईं, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस महिला व उसके घरवालों के बारे में जानकारी कर रही है।