महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत, ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप
लखनऊ में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप।
लखनऊ, जेएनएन। लखनऊ में शुक्रवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितयों में छत से गिरकर मौत हो गई। आनन फानन परिवारीजन उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है।
यह है मामला
अल्लू नगर निवासी वसीम की बेटी अरशिया बानो की शादी बालागंज निवासी फैजल से नवम्बर 2018 में हुई थी। अरशिया के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति फैसल, पिता माे लईक, सास अलीमुन निशा, भाई मो कामराम व अशफाक दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। वे उससे कार व एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने किसी तरह से जोड़कर उन्हें 25 हजार रुपये दिए। छह माह पहले ही अरशिया ने बेटी को जन्म दिया था। जिसके बाद से ही ससुराल वालों ने उसे और ज्यादा मारना पीटना शुरू कर दिया, लेकिन हम लोग उसे धैर्य रखने की बात कहते थे। वहीं शुक्रवार सुबह ससुराल से फोन आया कि अरशिया छत से गिर गई है। ट्रॉमा सेंटर जाने पर पता चला कि उनकी बेटी की मौत हो गई है।
आरोप है कि वसीम और उसके घरवालों ने अरशिया को छत से धक्का देकर मार दिया है। एडीसीपी पश्चिम विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़ित परिवार ने मामले की तहरीर दे दी है।