घंटों पीटता रहा दरवाजा, तोड़ा तो पत्नी काे लटकता देख निकल पड़ी चीख
मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में एक विवाहिता का शव कमरें में लटका मिला। पति घंटो दरवाजा पीटता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियां की मदद से पति ने दरवाजा तोड़ा। पत्नी को फंदे से लटकता देख उसकी चीख निकल पड़ी। उधर, मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के कोई बच्चा नहीं था इस कारण भी वह अवसाद में चल रही थी।
ये है पूरा मामला
दरअसल, हरदोई बघौली निवासी रवि यादव का विवाह आठ साल पहले निशा यादव (30) के साथ हुआ था। रवि पत्नी के साथ दुबग्गा के इटौली में रहता था। रवि डाला चलाता है। शुक्रवार रात जब वह घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जोर-जोर से काफी देर तक खटखटाता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसपर उसने आस-पड़ोस के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में फंदे से लटका पत्नी का शव देख उसकी चीख निकल पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा।
ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप, पति अरेस्ट
पुलिस ने बताया कि सीतापुर निवासी निशा के भाई राम सहाय की तहरीर पर उसके पति रवि, सास मुन्नी, ससुर राम विलास और चार देवरों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, शादी के आठ साल बाद भी निशा को कोई संतान नहीं हुई थी। इस कारण वह अवसाद में भी चल रही थी।