पत्नी को कंधे पर लाद पति ने लगाई दौड़, फिर भी नहीं बचा सका जान; वीडियो वायरल
पत्नी को गोदी लेकर अस्पताल पहुंचा पति। आए दिन पति-पत्नी के बीच हुआ करता था विवाद।
गोंडा, जेएनएन। घरेलू कलह से तंग आकर विवाहिता ने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस को कॉल किया गया। एंबुलेंस आने की आवाज सुनकर पति, पत्नी को गोद में लेकर दौड़ लगाते दिखा। इस संबंध में सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि सीएमओ ने एंबुलेंस समय से न पहुंचने के मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला इटियाथोक थाना क्षेत्र के मरदनपुरवा गांव का है। यहां के अमन शुक्ल की पत्नी गीता देवी का विवाह पांच वर्ष पूर्व हुआ था। मायका कुछ ही दूरी पर ग्राम वादीपुर में है। बताया जाता है कि ससुराल में आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ करता था। विवाद होने पर पति रविवार को उसे मायके छोडऩे गया था। मायकेवालों ने नाराजगी जाहिर करते हुए गीता को भी साथ ले जाने के लिए कहा। इस पर वह मायके से चल पड़ी। आशंका है कि रास्ते में उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
पति को जब इसकी जानकारी हुई तो वह उसे दिखाने बहलोलपुर लाया। स्थिति ठीक न होने पर उसने एंबुलेंस के लिए फोन किया। एंबुलेंस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही अमन पत्नी को गोद में लेकर उस ओर दौड़ पड़ा। महिला को नजदीकी अस्पताल ले गया। जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पति द्वारा पत्नी को गोद में लेकर दौड़ लगाने का वीडियो वायरल होने पर लोग एंबुलेंस सेवा पर देरी का आरोप लगा रहे।
हालांकि पीडि़त पति का कहना है कि एंबुलेंस पहुंचने पर वह कुछ दूरी तक दौड़ा। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है लेकिन, अब तक तहरीर नहीं मिली है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर एंबुलेंस सेवा से जुड़े अधिकारियों को तलब किया गया है। उनसे रिपोर्ट मांगी गई है।