UP Weather Update: आसमान में बादलों का डेरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश पर मानसून ज्यादा मेहरबान
राजधानी में 32.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा अधिकतम तापमान।
लखनऊ, जेएनएन। आसमान में बादलों का डेरा है। रुक-रुककर कहीं तेज तो कहीं हल्की बौछारें पड़ रही हैं। बारिश का यह सिलसिला प्रदेशभर में जारी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश पर मानसून ज्यादा मेहरबान है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं। अगले तीन-चार दिन ऐसे ही रहने की संभावना है। राजधानी में सोमवार सुबह कुछ स्थानों पर हल्की तो कुछ पर तेज बौछारें पड़ीं।
हालांकि, थोड़ी देर बाद ही मौसम साफ हो गया। उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। उधर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, बलिया समेत कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना बना रहा। वहीं, राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 3.2 डिग्री कम 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार के मुकाबले सोमवार को मौसम ज्यादा नरम रहा।
पिछले 24 घंटों में तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के मुकाबले 3.6 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसमें भी लगभग तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई। वातावरण में नमी 96 फीसद बनी हुई है। इसके चलते उमस हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। राजधानी में भी बादलों की आवाजाही के साथ एक-दो बार बौछारें पड़ सकती हैं।