UP Weather : फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं अच्छी बारिश की उम्मीद
सोमवार इस माह का पहला ऐसा दिन रहा जबकि तापमान 24 डिग्री से अधिक पहुंच गया।
लखनऊ, जेएनएन। जनवरी के जाते-जाते मौसम एक बार फिर बदलने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को राजधानी सहित प्रदेश भर में बदली व बारिश की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि गुरुवार से मौसम फिर साफ हो जाएगा।
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलेगा। राजधानी में बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बौछारें भी पड़ेंगी। बुधवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहा। सुबह से खिली धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले एक डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह रविवार की तुलना में तीन डिग्री अधिक रहा। सोमवार इस माह का पहला ऐसा दिन रहा जबकि तापमान 24 डिग्री से अधिक पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.5 डिग्री रिकार्ड हुआ।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार मौसम का यह बदलाव पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुकाबले बारिश की अधिक संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। गुरुवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।