UP: राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विनम्र शास्त्री
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विनम्र शास्त्री सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए। कई वर्षों से लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष विनम्र कई कारपोरेट कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विनम्र शास्त्री सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) में शामिल हो गए। कई वर्षों से लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष विनम्र कई कारपोरेट कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। अब उन्होंने रालोद का दामन थामकर राजनीतिक पारी शुरू करने के लिए कदम बढ़ाया है।
विनम्र शास्त्री को पार्टी में शामिल करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और चौधरी चरण सिंह को आज भी ग्रामीण भारत में आदर्श के रूप में देखा जाता है। दोनों परिवारों ने पहले भी साथ मिलकर राजनीतिक यात्रा तय की है। जयंत ने कहा कि विनम्र शास्त्री और उनके परिवार के साथ बहुत पुराने व करीबी रिश्ते रहे हैं। खुशी है कि वह अपनी राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए हैं। अर्थव्यवस्था से जुड़े नीतिगत सुझाव व राजनीतिक रणनीति के निर्माण में विनम्र विशेष योगदान रालोद को देंगे। उनके आने से पार्टी और मजबूत होगी।
Relationships endure passage of time & last for generations! Happy to welcome @VinamraShastri to Rashtriya Lokdal. We will work together to keep the nation on the path immortalised by Lal Bahadur Shastri Ji’s slogan - Jai Jawan, Jai Kisan!! pic.twitter.com/LGveHNapfh
— Jayant Chaudhary (@jayantrld) July 5, 2021
देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री के पौत्र विनम्र शास्त्री लालबहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं। अपनी अध्यक्षता में इन्होंने किसान, जवान व समाज के गरीब वर्गों के उत्थान के लिए सकारात्मक कार्य किए हैं। संस्था की 21 सलाम मुहिम के तहत इन्होंने परमवीर चक्र विजेताओं के यश और वीरता की कहानियां घर-घर पहुंचाई है।
विनम्र शास्त्री लालबहादुर शास्त्री के विचारों को आगे बढ़ाते हुए किसान, जवान व गरीब तबके के उत्थान के लिए सक्रिय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं। अपने सामाजिक कार्यों के साथ विनम्र शास्त्री ने पिछले कई वर्षों से भारतीय कॉरपोरेट जगत में कई कंपनियों को स्थापित करने का भी काम किया है। विनम्र शास्त्री ने कई कंपनियों के नेतृत्व वाले महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह किया है।