Vikas Dubey News : विकास दुबे के साथी अमर दुबे की पत्नी कानपुर से बाराबंकी शिफ्ट
बिकरू कांड-विकास दुबे के साथी अमर दुबे को मुठभेड़ में मार चुकी है पुलिस। बोर्ड के आदेश पर सोमवार की सुबह कानपुर से भेजी गई बाराबंकी संप्रेक्षण गृह।
बाराबंकी, जेएनएन। Vikas Dubey News : कानपुर जिले के बहुचर्चित बिकरू कांड में गिरफ्तार की गई अमर दुबे की पत्नी को न्यायालय के आदेश पर संप्रेक्षण गृह बाराबंकी में शिफ्ट कर दिया गया है। दुर्दांत विकास दुबे के करीबी साथी अमर दुबे को भी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मुठभेड़ में मार चुकी है।
कानपुर वाले विकास दुबे के साथ अमर दुबे की पत्नी को गिरफ्तार कर आठ जुलाई को कानपुर जेल भेजा गया था। अमर से उसकी शादी बिकरू कांड से महज तीन दिन पहले ही हुई थी। अमर के ससुर ने कानपुर में न्यायालय में याचिका दाखिल की थी कि उसकी पुत्री की जन्मतिथि 21 अगस्त 2003 है। इस पर कानपुर कोर्ट ने जांच किशोर न्याय बोर्ड को जांच सौंप दी थी।
11 सितंबर को अमर की पत्नी को जेल से लाकर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया था। बोर्ड के आदेश के बाद सोमवार की सुबह जेल से निकालकर उसे बाराबंकी संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। हालांकि अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी जानकारी से इन्कार करते हुए पता करके बताने की बात कही है। वहीं, प्रोबेशन अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई पर बात नहीं हो सकी।