Vikas Dubey News : घटना के बाद मौरंग लदे ट्रक से भाग निकला था इनामी बदमाश विकास दुबे
Vikas Dubey News औरैया से दिल्ली पहुंचने के लिए इनामी बदमाश विकास दुबे मौरंग लदे ट्रक में सवार हो गया था ताकि रास्ते में कहीं पुलिस से उसका सामना न हो सके।
लखनऊ, जेएनएन। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार पांच लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे ने भागने के लिए अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल किया। औरैया से दिल्ली पहुंचने के लिए वह मौरंग लदे ट्रक में सवार हो गया था, ताकि रास्ते में कहीं पुलिस से उसका सामना न हो सके। पकड़े गए लोगों से पूछताछ और अब तक की छानबीन में एसटीएफ के हाथ कई जानकारियां लगी हैं। इसमें उसके घर से भागने का रूट भी लगभग साफ हुआ है। बेहद शातिर विकास दुबे ने वारदात के भागने के लिए सबसे पहले घर के पीछे खड़ी बाइक का सहारा लिया था। क्योंकि उसके घर के पिछले हिस्से से किसी बड़े वाहन की आवाजाही संभव नहीं थी। उसने अपने सभी वाहन घर पर ही छोड़ दिए थे।
सूत्रों के अनुसार बाइक से करीब पांच किलोमीटर जाने के बाद विकास ने एक एसयूवी मंगवाई थी, जिस पर सवार होकर वह औरैया तक गया। वहां कपड़े बदलने के बाद विकास हमीरपुर की ओर से आ रहे मौरंग लदे ट्र्रक में सवार हो गया था और आगरा, मथुरा व पलवल रोड होते हुए दिल्ली जा पहुंचा था। दिल्ली से वह एक रोडवेज बस में सवार होकर फरीदाबाद आया था। इस दौरान विकास के साथ उसके दो-तीन साथी भी थे। फरीदाबाद से भागने के लिए विकास ने टैक्सी का इस्तेमाल किया।
पुलिस उसकी लगातार सरगर्मी से तलाश कर रही है। विकास को यह आभास भी था कि अगर वह अपने किसी वाहन से भागा तो पुलिस उसे आसानी से ट्रेस कर सकती है। रास्ते में उसे कहीं पहचाना जा सकता है। यही वजह है कि विकास सबसे पहले अपने गुर्गों की मदद से औरैया पहुंचा और फिर दिल्ली की ओर भाग निकला। एसटीएफ अब दिल्ली के अलावा पड़ोसी राज्यों मेें भी उसकी लगातार तलाश कर रही है।
भारत-नेपाल सीमा पर भी अलर्ट : विकास की खोज में भारत-नेपाल सीमा को भी अलर्ट किया गया है। बहराइच और सिद्धार्थनगर से सटी सीमा पर सभी अनजान लोगों पर निगाह रखी जा रही है।