फर्जी रसीदों के जरिए अवैध खनन वाहनों को यूपी की सीमा पार कराने वाले गिरोह को विजिलेंस ने दबोचा
विजिलेंस ने आगरा और प्रयागराज में फर्जी रसीदों से अवैध खनन के वाहनों को सीमा पास कराने वाले पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि 21 को हिरासत में लिया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिकंजा कसने के बाद विजिलेंस ने अब राज्य की सीमाओं पर फर्जी रसीदों के जरिए खनन के वाहनों को पास कराने वाले गिरोह को दबोचा है। विजिलेंस ने आगरा और प्रयागराज में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि 21 को हिरासत में लिया गया है। विजिलेंस की जांच के घेरे में अब संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मियों की भूमिका है। जल्द उन पर भी शिकंजा कसेगा।
डीजी विजिलेंस पीवी रामाशास्त्री को सूबे की सीमाओं पर कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के संरक्षण में निजी व्यक्तियों के जरिए वसूली की शिकायतें मिली थीं। मामले मेें विजिलेंस ने शुरुआती जांच के बाद गुरुवार को स्थानीय प्रशासन व पुलिस के साथ मिलकर आगरा व प्रयागराज में कार्रवाई की। विजिलेंस ने वन विभाग के कर्मी प्रयागराज निवासी कृष्णदत्त मिश्रा व रवींद्र यादव के अलावा प्रयागराज निवासी दिलीप यादव, मंगला मिश्रा व सुरेश समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रयागराज में पकड़े गए इन आरोपितों के कब्जे से तीन लाख रुपये, चार मोबाइल फोन व फर्जी रसीदें बरामद हुई हैं।
इसके अलावा आगरा में अंतरराज्यीय सीमा पर अवैध खनन के व अन्य वाहनों को फर्जी रसीद बनाकर सूबे की सीमा में अवैध ढंग से प्रवेश कराया जा रहा था। विजिलेंस ने सैंया सीमा पर दबिश देकर अवैध बोर्ड लगाकर वसूली कर रहे 21 आरोपितों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। उनके कब्जे से तीन लैपटॉप, प्रिंटर, अन्य उपकरण, 33 ई-रसीदें तथा मां वैष्णो देवी इंटरप्राइजेज व अन्य फर्मों की रसीद बुक भी बरामद की गईं। आरोपितों के पास से आठ कैशबुक व 1.54 लाख रुपये भी मिले हैं। बरामद रसीदों व दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आगरा के थाना सैंया में अज्ञात सरकारी अधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध खुद को लाभ पहुंचाने के लिए निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी किए जाने व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यहां करें शिकायत : भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विजिलेंस लगातार कार्रवाई कर रही है। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामलों में लोगों से सीधे शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर की सुविधा भी शुरू की है। किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के भ्रष्ट आचरण के विरुद्ध विजिलेंस के हेल्पलाइन नंबर 9454401866 पर सीधे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।