UP: वायु प्रदूषण को लेकर एक्शन में योगी सरकार, 75 उद्योग किए बंद और 260 को नोटिस
बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन में है। प्रदूषण फैलाने के आरोप में अब तक 75 उद्योग बंद किए जा चुके हैं। 260 को नोटिस दिया गया है। करीब 60 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है।
लखनऊ, जेएनएन। बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन में है। प्रदूषण फैलाने के आरोप में अब तक 75 उद्योग बंद किए जा चुके हैं। 260 को नोटिस दिया गया है। करीब 60 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। पराली जलाने की अब तक 300 से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसमें 164 मामलों में एफआइआर दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। योगी सरकार ने इसे लेकर संबंधित विभागों को कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत विभागों ने भी सख्ती शुरू कर दी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 188 उद्योगों का निरीक्षण किया। इसमें 86 प्रदूषण फैलाने के दोषी पाए गए। खुले में कूड़ा जलाने के 293 मामले पकड़ में आए हैं। इनसे सवा लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
भवन व सड़क निर्माण में धूल उड़ाने के आरोप में 63 मामले पकड़ में आए हैं। ईंट-भट्ठे से वायु प्रदूषण के एक दर्जन से अधिक मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। वाहनों से प्रदूषण के 200 से अधिक मामले पकड़ में आए हैं। प्रदेश सरकार की सख्ती के बावजूद इस बार पराली जलने की भी करीब 300 से अधिक घटनाएं घटी हैं। इनमें से 164 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ ही 2.62 लाख रुपये वसूले गए हैं। 110 अफसरों व कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।
यूपी के शहरों में वायु प्रदूषण
- शहर : एक्यूआइ (21 अक्टूबर)
- आगरा : 268
- बागपत : 325
- बुलंदशहर : 267
- गाजियाबाद : 254
- ग्रेटर नोएडा : 284
- हापुड़ : 247
- कानपुर : 194
- लखनऊ : 328
- मेरठ : 339
- नोएडा : 264
- मुजफ्फरनगर : 320
- मुरादाबाद : 250
- वाराणसी :264
- (स्रोत-केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड)