UP Coronavirus Update : कोविड-19 टेस्ट में उत्तर प्रदेश अव्वल, एक दिन में डेढ़ लाख जांच का रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में एक दिन में कोरोना वायरस के 1.50 लाख टेस्ट कर नया रिकॉर्ड बनाया है। देश में अब तक सर्वाधिक 7217980 कोविड-19 टेस्ट उत्तर प्रदेश में ही हुए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में एक दिन में कोरोना वायरस के 1.50 लाख टेस्ट कर नया रिकॉर्ड बनाया है। देश में अब तक सर्वाधिक 72,17,980 कोविड-19 टेस्ट उत्तर प्रदेश में ही हुए हैं। सर्वाधिक जांच करने वाले इस राज्य ने शुरुआत से ही टेस्टिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को अपना मूलमंत्र बनाया है। यही कारण है कि जहां देश में कोरोना की संक्रमण दर 8.40 फीसद है, वहीं यूपी में यह मात्र 4.08 प्रतिशत है। मृत्यु दर भी केवल 1.48 प्रतिशत है।
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के मुकाबले उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या कम है। दिल्ली से आठ गुना अधिक आबादी वाले इस प्रदेश में मौतें भी वहां से कम हुई हैं। महाराष्ट्र में अब तक कुल 49.71 लाख लोगों की जांच में 9.90 लाख रोगी मिले, जिसमें 28,282 की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में 44.51 टेस्ट में 4.80 लाख संक्रमित मिले और 4,779 लोगों की जान गई। इसी तरह तमिलनाडु में 56.30 लाख टेस्ट में 4.86 लोग पॉजिटिव मिले, जिसमें 8157 की मौत हुई, जबकि कर्नाटक में 35.9 लाख टेस्ट में 4.40 लाख लोग संक्रमित मिले और 7,067 की जान गई। यहां तक कि दिल्ली जैसे छोटे राज्य में भी यूपी से ज्यादा 4681 मौतें हुई हैं।
वहीं यूपी में अब तक 2.92 लाख लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिसमें केवल 4282 लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीज के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का काम भी पूरी तत्परता से किया जा रहा है। यहां करीब तीन लाख मेडिकल टीमों ने डोर-टू-डोर सर्वे के तहत 11 करोड़ लोगों का सर्वेक्षण किया गया, जबकि करीब सरकारी व निजी संस्थानों में 64 हजार कोविड-19 हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं। यूपी में कोरोना संक्रमण की चाल को हर हाल में काबू करने पर जोर दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में फिर मिले कोविड-19 के सर्वाधिक 7103 नए पॉजिटिव केस