Move to Jagran APP

दीप पर्व पर सीएम योगी ने दी बधाई, दीपावली असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राज्य सरकार के मंत्रियों ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sat, 14 Nov 2020 06:05 AM (IST)Updated: Sat, 14 Nov 2020 06:05 AM (IST)
दीप पर्व पर सीएम योगी ने दी बधाई, दीपावली असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राज्य सरकार के मंत्रियों ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है। सभी ने प्रदेशवासियों के स्वस्थ और निरोगमय जीवन की कामना की है। साथ ही, कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में भीड़भाड़ से बचने तथा सामाजिक दूरी के साथ मास्क का प्रयोग करते हुए दीप पर्व का आनंद लेने की अपील की है।

loksabha election banner

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि वैभव और प्रकाश का प्रतीक पर्व दीपावली भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्यों का संवाहक है, जो हमें अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपावली पर्व समाज में संपन्नता और समृद्धि लाए ताकि आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सके। राज्यपाल दीपावली पर्व पर शुक्रवार को राजभवन में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक गणमान्य नागरिकों और वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट करेंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव है। यह कपट व कटुता पर सरलता व सद्भाव की विजय का भी द्योतक है। राज्य सरकार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को 'दीपोत्सव' के आयोजन के माध्यम से पुनर्प्रतिष्ठित कर, संपूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है।

विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित ने कहा है कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का उत्सव है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कामना की है कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि व शांति लाए। न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह, उद्यान, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', उद्यान व कृषि विपणन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान, जलशक्ति राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने भी दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। मोहसिन रजा ने मुख्यमंत्री को उनके आवास पर पीतल की रामदरबार प्रतिमा भेंटकर दीपावली की बधाई दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दीं दीपावली की शुभकामनाएं : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेशवासियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी हैं। अपने बधाई संदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दीपावली आशा, प्रगति व उल्लास का पर्व हैं। सभी प्रदेशवासियों के जीवन में विकास व उन्नति का प्रकाश हो, यही कामना है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार व उप्र की योगी सरकार देश व प्रदेशवासियों के जीवन में उन्नति का प्रकाश लाने के लिए संकल्पवद्ध होकर कार्य कर रही हैं और यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.