UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश सवा करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट करने वाला पहला राज्य बना
UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 1.54 लाख लोगों की जांच की गई तो उसमें से 2728 नए रोगी मिले। नए रोगियों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या कहीं ज्यादा 3239 है। अब एक्टिव केस 36295 हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 90.42 प्रतिशत हो गया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को सवा करोड़ लोगों का कोरोना वायर टेस्ट पूरा कर को नया रिकॉर्ड बनाया गया। देश में सबसे ज्यादा टेस्ट उत्तर प्रदेश में ही हुए हैं। 30 सितंबर तक एक करोड़ लोगों की जांच हुई थी और अक्टूबर में बीते 15 दिनों में 25 लाख लोगों के टेस्ट किए गए।
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 1.54 लाख लोगों की जांच की गई तो उसमें से 2,728 नए रोगी मिले। नए रोगियों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या कहीं ज्यादा 3,239 है। बीते 28 दिनों से लगातार नए मरीजों के मुकाबले ठीक होने वालों की अधिक संख्या होने के कारण एक्टिव केस में 47 प्रतिशत की गिरावट आई है। अब एक्टिव केस 36,295 हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 90.42 प्रतिशत हो गया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब हर दिन डेढ़ लाख से पौने दो लाख के बीच सैंपल जांचे जा रहे हैं। इसमें 60 हजार सैंपल की आरटीपीसीआर जांच हो रही है और बाकी सैंपल की एंटीजन व ट्रूनेट जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेश में सर्वाधिक 68,235 एक्टिव केस थेऔर 28 दिनों में इसमें करीब 32 हजार एक्टिव केस घटे हैं।
अब तक उत्तर प्रदेश में कुल 4.47 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और इसमें से 4.04 लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में 36 और लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 6,543 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है। अब तक 4.19 लाख मेडिकल टीमों की मदद से 13.37 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक कुल 2,48,045 लोगों ने होम आइसोलेशन की सुविधा प्राप्त की है, जिनमें 2,31,050 लोगों ने अपने होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि ई-संजीवनी के माध्यम से 2,577 लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श लिया। अब तक कुल 1,39,830 लोगों ने ई-संजीवनी पोर्टल पर चिकित्सकीय परामर्श लिया है।