UPPSC Recruitment 2021: उत्तर प्रदेश इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2021 की तारीख घोषित, जानें- पूरी डिटेल
UP State Engineering Service Exam Date 2021 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा 2021 की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग ने भर्ती की परीक्षा 23 जनवरी 2022 को कराने का निर्णय लिया है।
प्रयागराज [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2021 की तैयारी जुटे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा 2021 की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग ने भर्ती की परीक्षा 23 जनवरी, 2022 को कराने का निर्णय लिया है। सोमवार को आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र ने परीक्षा की तारीख घोषित किया। उसी के अनुरूप समस्त तैयारी पूरी की जाएगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा 2021 भर्ती का विज्ञापन 13 अगस्त को जारी करके 13 सितंबर तक आनलाइन आवेदन लिया गया। कुल पदों के सापेक्ष लगभग 1,38,000 आवेदन हुए हैं। आयोग के जारी विज्ञापन के अनुसार, इसके तहत 11 विभागों में 281 पदों की भर्ती निकाली गई है। इसमें से 271 रिक्तियों सामान्य चयन की हैं, जबकि शेष 10 विशेष चयन की हैं। हालांकि, आयोग ने कहा है कि परीक्षा के माध्यम से भरी जाने वाली रिक्तियों की संख्या में घट या बढ़ भी सकती हैं।
पदों का ब्यौरा : उत्तर प्रदेश राज्य इंजीनियरिग सेवा परीक्षा के तहत लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 36, लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) के 28, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के 21, नगर विकास विभाग में सहायक अभियंता (जल)/ बी श्रेणी जलकल अभियंता के 14, नगर विकास विभाग में सहायक अभियंता (ट्रैफिक) के चार, कृषि विभाग में उत्तर प्रदेश कृषि सेवा समूह ख (अभियंत्रण शाखा) के चार, आवास एवं विकास परिषद में सहायक अभियंता (सिविल) के 76, आवास एवं विकास परिषद में सहायक अभियंता (विद्युत) के चार, भूगर्भ जल विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के छह, भूगर्भ जल विभाग में सहायक अभियंता (यांत्रिक) के तीन, लघु सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता (कृषि) के सात, औद्योगिक विकास विभाग में प्रबंधक (सिविल) के 49, औद्योगिक विकास विभाग में प्रबंधक (विद्युत/यांत्रिक) के पांच, गृह (पुलिस) विभाग में मुख्य अग्निशमन अधिकारी के 13, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में सहायक टेलीविजन अभियंता का एक और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में सहायक अभियंता (सिविल) के विशेष चयन के तहत 10 पद भरे जाएंगे।
प्रथम प्रश्न पत्र का प्रारूप
- सामान्य हिंदी के 25 प्रश्न होंगे और हर प्रश्न तीन अंक का होगा।
- मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग-1, मैकेनिकल इंजीनियरिंग-1, विद्युत इंजीनियरिंग-1, कृषि इंजीनियरिंग-1, केमिकल इंजीनियरिंग-1, इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग-1, फायर इंजीनियरिंग-1, हाइड्रोलिक्स इंजीनियरिंग-1, इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग-1) के सौ प्रश्न आएंगे।
द्वितीय प्रश्न पत्र का प्रारूप
- सामान्य अध्ययन के 25 प्रश्न आएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक के होंगे।
- मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग-2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग-2, विद्युत इंजीनियरिंग-2, कृषि इंजीनियरिंग-2, केमिकल इंजीनियरिंग-2, इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग-2, फायर इंजीनियरिंग-2, हाइड्रोलिक्स इंजीनियरिंग-2, इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग-2) के सौ प्रश्न आएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक के होंगे।
- सौ अंक का साक्षात्कार लिया जाएगा।