UP Weather : अब उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार नहीं, हवा का रुख बदलने से साफ रहेगा मौसम
UP Weather उत्तर प्रदेश में हवा का रुख बदल गया है। दक्षिणी-पूर्वी के बजाय अब उत्तरी-पश्चिमी हवा चलेगी। इससे मौसम साफ रहेगा।
लखनऊ, जेएनएन। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलें तबाह करने के बाद रविवार को छाए बादलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। इस बीच उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके में सुबह कुछ जिलों में बारिश भी हुई, लेकिन शाम होते होते राज्य में हवा का रुख बदलने से अब मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक अब बारिश के आसार नहीं हैं। राज्य में हवा का रुख बदल गया है। दक्षिणी-पूर्वी के बजाय अब उत्तरी-पश्चिमी हवा चलेगी। इससे मौसम साफ रहेगा।
बरेली में रविवार तड़के तेज गरज के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। जो सुबह करीब दस बजे तक होती रही। इससे गेहूं, मसूर, सरसो की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, दोपहर को चटख धूप निकली। शाहजहांपुर में बारिश के साथ ओले बरसे। इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मार्च में कुल 57 मिमी बारिश से पांच वर्ष का रिकार्ड भी टूट गया। पीलीभीत में रात बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे फसलों को 20 से 25 फीसद नुकसान की आशंका है।
आगरा और आसपास के सभी जिलों में सुबह से ही मौसम साफ रहा। दिन भर धूप निकली। हालांकि कभी-कभी बादल भी छाए मगर कुछ देर बाद ही ये छंटते रहे। अलीगढ़ में मौसम का मिजाज ठीक रहा। दिन में खिली धूप निकली। यही हाल हाथरस का रहा। बारिश थमने के बाद गोरखपुर का तापमान एक बार फिर बढऩे लगा है। रविवार को गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में आसमान में छिटपुट बादल बने रहे लेकिन सुबह से शाम तक चमकदार धूप बरकरार रही।