यूपी के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा- बाढ़ के पूर्वानुमान की प्रणाली बनाएंगे बेहतर
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व में ही तैयारी करने से अब तक बाढ़ से न्यूनतम नुकसान हुआ है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बाढ़ से हर साल होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने के लिए बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली को अत्याधुनिक व प्रभावी बनाने की जरूरत ठहराते हुए इसके लिए मंगलवार से 17 अगस्त तक चलने वाले ऑनलाइन प्रशिक्षण को उपयोगी बताया है। उन्होंने कहा कि इस नवीनतम वैज्ञानिक प्रशिक्षण के बाद बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली का संचालन सुगम हो सकेगा।
सोमवार को बाढ़ नियंत्रण संबंधी जानकारी देते हुए जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि जानी मानी संस्था आरएसएसआई नोएडा के विशेषज्ञों द्वारा बाढ़ से बचाव की नवीनतम तकनीकी को समझाया जाएगा। कंट्रोल रूम और तटबंधों की निरंतर निगरानी से भी अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में ही तैयारी करने से अब तक बाढ़ से न्यूनतम नुकसान हो सका है। मुख्य अभियंता पैक्ट वारिस रफी ने बताया कि बाढ़ संवेदनशील जिलों में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी लगातार बचाव कार्यों में जुटे हैं।
घाघरा के किनारे सड़क निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत : संतकबीरनगर जिले में घाघरा नदी के किनारे रामपुर, मकदूमपुर व मदरहा तटबंध पर सड़क निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इस परियोजना में कुल 982.36 लाख रुपये खर्च अनुमानित है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी में योजक नहर से दुलही साइफन से डाउनस्ट्रीम में क्षतिग्रस्त तली व किनारों की मरम्मत आदि के लिए 30.19 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं।