Barabanki Gram Panchayat Result: बाराबंकी में पूर्व सांसद समेत इन दिग्गजों का आज तय होगा सियासी कद
Barabanki Gram Panchayat Chunav Result पूर्व सांसद पूर्व विधायक व पूर्व सांसद विधायक के परिवारजन जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में। पूर्व ब्लाक प्रमुखों की भी जीत- हार से तय होगी दावेदारी। प्रधान पद का परिणाम दिग्गजों का पंचायत में रसूख तय करेगा।
बाराबंकी, जेएनएन। UP Barabanki Chunav Result 2021:पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा रविवार को खुलेगा। जिला पंचायत सदस्य पद पर पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत पूर्व जनप्रतिनिधियों के परिवारजन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं, बीडीसी पद पर ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव लड़ने वालों की साख पर है। डीडीसी और बीडीसी के चुनाव परिणाम उनकी जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख पद पर दावेदारी को पुख्ता करने के साथ ही उनके सियासी कद का भी पैमाना बनेंगे। प्रधान पद का परिणाम दिग्गजों का पंचायत में रसूख तय करेगा।
सपा के वरिष्ठ नेता व कई बार सांसद रहे राम सागर रावत सिद्धौर चतुर्थ से मैदान में हैं। उन्हें भाजपा समर्थित भगवंत रावत टक्कर दे रहे हैं। भाजपा की पूर्व विधायक राजरानी रावत निन्दूरा चतुर्थ से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला सपा के पूर्व विधायक हरदेव सिंह रावत की पत्नी कुसुमलता रावत से है। बनीकोडर-तृतीय से पूर्व सांसद कमला प्रसाद रावत की बहू लवली रावत से भाजपा के हरिश्चन्द्र रावत मुकाबिल हैं। कमला के बेटे वेदप्रकाश रावत को निन्दूरा पंचम से भाजपा के श्रीश रावत से चुनौती मिल रही है। मसौली द्वितीय से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व विधायक राम गोपाल रावत के पुत्र इंजीनियर कृष्ण कुमार रावत, सिद्धौर पंचम से पूर्व एमएलसी रामपाल वर्मा के पुत्र राजेश वर्मा, सिरौलीगौसपुर प्रथम से पूर्व विधायक राधेश्याम वर्मा के पुत्र संतोष वर्मा, बनीकोडर प्रथम से पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पुत्र अभिषेक वर्मा ताल ठोक रहे हैं।
इनका निर्विरोध चुना जाना तय : बीडीसी के कई वार्ड में दूसरा प्रत्याशी न होने से निर्विरोध चुना जाना तय है। इसमें बनीकोडर के बबुरी गांव के वार्ड-90 से पूर्व ब्लाक प्रमुख उर्मिला देवी, सिल्हौर-89 से निवर्तमान प्रमुख रुचि वर्मा, डिग्सरी-57 से उनके पुत्र शशिकांत वर्मा, दरियाबाद के बिबियापुर-38 से निवर्तमान प्रमुख देवानंद पांडेय, अगानपुर-32 से आकाश पांडेय, हरख के जैदपुर देहात से निवर्तमान प्रमुख जाकिर उल निशा, रामनगर के गोबरहा-16 से पूर्व प्रमुख संजय तिवारी, देवा के वार्ड संख्या-91 से पूर्व प्रमुख इक्ष्वाकु मौर्य आदि शामिल हैं।
पद-पदों की संख्या-कुल प्रत्याशी
डीडीसी-57-724
बीडीसी-1440-6236
प्रधान-1161-6631
सदस्य-14473-8263
कुल पद-17131-21363