सिद्धार्थनाथ सिंह का अखिलेश व प्रियंका पर पलटवार- आंखे खोलें, यूपी में फ्री लग रही कोरोना वैक्सीन
यूपी के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा पर आपदा के समय घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए कराए जा रहे वैक्सीनेशन को लेकर लगातार गलत बयान दिए जा रहे हैं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पर आपदा के समय घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए सरकार द्वारा कराए जा रहे वैक्सीनेशन को लेकर लगातार गलत बयान दे रहे हैं। ब्लैक फंगस के इलाज को लेकर भी वह भ्रम फैला रहे हैं। वहीं, प्रियंका वाड्रा कोरोना से लोगों को कैसे बचाया जाए, इसके सुझाव वाले पत्र लिख कर राजनीति में अपनी खोई जमीन पाने का प्रयास कर रही हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिए गए बयान कि सत्ता में आने पर वर्ष 2022 में सभी को फ्री में वैक्सीन लगाई जाएगी और प्रदेश में ब्लैक फंगस के इलाज में अव्यवस्थाएं छुपाए नहीं छुप रही हैं, को लेकर सिद्धार्थनाथ सिंह ने शुक्रवार को कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वास्तव में अखिलेश यादव सत्ता के सपने में इतने अंधे हो गए हैं कि योगी सरकार प्रदेश में लोगों को जो फ्री में वैक्सीन लगवा रही है, वह भी देख नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया आंखें खोलें, तो दिखेगा कि प्रदेश में सभी लोगों को फ्री में वैक्सीन लगाई जा रही है।
सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने प्रियंका द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र को लेकर भी उन्हें आड़े हाथों लिया। प्रियंका ने कोरोना से प्रभावित मध्यम वर्ग के लिए राहत की घोषणा करने के साथ ही बिजली दर कम करने, निजी अस्पतालों व स्कूलों में खर्च निर्धारण और उन्हें राहत पैकेज देने के अलावा व्यापारियों को करो में छूट देने समेत कई सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका का यह सुझाव राजनीतिक हथकंडा है। उन्होंने प्रियंका से सवाल पूछा है कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी क्या ऐसा ही पत्र लिखा है अगर नहीं तो क्यों? राजनीति करनी है तो घर से बाहर आकर जनता की सेवा करना भी सीखें।