Move to Jagran APP

यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा- महिला श्रम का उपयोग कर देश को आत्मनिर्भर बनाएं उद्यमी

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि महिलाओं और गरीब लोगों की सहायता कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 31 May 2020 10:35 PM (IST)Updated: Mon, 01 Jun 2020 07:51 AM (IST)
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा- महिला श्रम का उपयोग कर देश को आत्मनिर्भर बनाएं उद्यमी
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा- महिला श्रम का उपयोग कर देश को आत्मनिर्भर बनाएं उद्यमी

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बड़े उद्यमियों और कारोबारियों से महिलाओं के श्रम का उपयोग कर स्वदेशी आंदोलन के जरिये भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपील की है ताकि 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' सफल हो सके।

loksabha election banner

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रविवार को राजभवन से कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के देश भर से जुड़े व्यापारियों और महिला उद्यमियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं और गरीब लोगों की सहायता कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। कोरोना संकट में भी नारी शक्ति का मनोबल कम नहीं हुआ। महिलाओं ने सिद्ध कर दिया है कि वे कोई भी दायित्व या काम करने में सक्षम हैं। राज्यपाल ने गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए अपने अनुभवों को साझा किया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि कोविड-19 की विषम परिस्थितियों में व्यापारियों ने देश में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन को बनाये रखने, दान के माध्यम से भोजन और राशन वितरण जैसे कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। छोटे और बड़े उद्योगों का अर्थव्यवस्था पर अलग-अलग प्रभाव पड़ता है। छोटे उद्योग बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने में अहम भूमिका निभाते हैं जिससे अर्थव्यवस्था को गति मिलती है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की विषम परिस्थितियों में 'आत्मनिर्भर भारत' और 'वोकल फॉर लोकल' पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी स्वास्थ्य और मजदूरों की सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। प्रदेश सरकार ने ग्राम स्तर पर श्रमिकों के परिवारों और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा है और उनके कौशल के अनुसार उन्हें आजीविका उपलब्ध करायी जा रही है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राज्य सरकार मनरेगा के तहत ग्रामीण महिलाओं को उनके गांवों में ही रोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। लॉकडाउन के कारण हमारे उद्योग-धंधों एवं दिनचर्या पर जो प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, उससे पार पाने में कुछ वक्त जरूर लगेगा। सभी के सहयोग और धैर्य से इस बुरे वक्त से देश जल्दी उबर सकेगा। इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, कैट मध्य प्रदेश के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, व्यापारी और महिला उद्यमी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.