यूपी के 15 लाख कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस की सौगात, वित्त विभाग ने जारी किया शासनादेश
सरकारी कर्मचारियों को वर्ष 2018-19 के लिए 30 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। बोनस के लिए प्रति कर्मचारी 6908 रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली के मौके पर सूबे के 15 लाख अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को बोनस की सौगात दी है। कर्मचारियों को वर्ष 2018-19 के लिए 30 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। बोनस के लिए प्रति कर्मचारी 6908 रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इसका 75 फीसद हिस्सा कर्मचारियों के भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते में जाएगा, जबकि 25 फीसद का नकद भुगतान किया जाएगा। इस हिसाब से कर्मचारियों को 1727 रुपये का नकद भुगतान होगा। बोनस भुगतान पर तकरीबन 950 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
बोनस के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिलने के बाद वित्त विभाग ने इस बारे में मंगलवार को शासनादेश जारी कर दिया है। बोनस का लाभ 4800 रुपये तक ग्रेड वेतन पाने वाले सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों, राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों, सहायताप्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारियों को मिलेगा। यह सुविधा केवल उन कर्मचारियों को मिलेगी जिन्होंने 31 मार्च 2019 तक एक साल की निरंतर सेवा पूरी कर ली हो। जिन कर्मचारियों को 2018-19 में किसी विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही या आपराधिक मुकदमे में दंड दिया गया हो, उन्हें बोनस नहीं मिलेगा।
ऐसे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी जिन्होंने बीती 31 मार्च तक तीन वर्ष या उससे अधिक समय तक लगातार काम किया हो और हर साल कम से कम 240 दिन कार्यरत रहे हों, उन्हें भी यह सुविधा मिलेगी। ऐसे पूर्णकालिक कर्मचारी जिन्होंने बीती 31 मार्च तक एक साल निरंतर सेवा पूरी नहीं की है, लेकिन उस तारीख तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के तौर पर तीन साल या उससे अधिक समय तक लगातार काम करते रहे हों, उन्हें भी यह सुविधा मिलेगी। ऐसे कर्मचारियों को बोनस के तौर पर 1184 रुपये मिलेंगे। जो कर्मचारी 31 मार्च 2019 के बाद रिटायर हुए हैं या 30 अप्रैल 2020 तक सेवानिवृत्त होने वाले हों, उन्हें बोनस की पूरी राशि का नकद भुगतान किया जाएगा।
दीपावली से पहले वेतन
प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारकों की जेब पर्व पर खाली न रह जाए, इसलिए राज्य सरकार उन्हें दीवाली से पहले वेतन देने जा रही है। अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल ने सभी जिलाधिकारियों तथा मुख्य व वरिष्ठ कोषाधिकारियों को 25 अक्टूबर को वेतन जारी करने के निर्देश दिए हैं। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि दीवाली से पहले कर्मचारियों को बोनस भी दे दिया जाएगा।
राज्य सरकार हर महीने पहली तारीख को वेतन देती है, लेकिन इस बार 27 अक्टूबर को दीवाली होने के कारण राज्य कर्मचारी पर्व से पहले वेतन की मांग कर रहे थे। राज्य सरकार ने मांग स्वीकार करते हुए प्रदेश के करीब 20 लाख सेवारत व सेवानिवृत्त कार्मिकों को तोहफा दिया है। अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देश में बताया गया कि 26 अक्टूबर को बैंक अवकाश और 27 अक्टूबर को दीपावली का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण वेतन व पेंशन का भुगतान 25 अक्टूबर को कर दिया जाएगा।
अब डीए की आस
बोनस के बाद राज्य कर्मचारियों को अब सरकार से बढ़ी दर से महंगाई भत्ता पाने की आस लगी है। केंद्र सरकार ने पिछले हफ्ते केंद्रीय सेवाओं के कर्मचारियों को बीती पहली जुलाई से मूल वेतन के 17 फीसद की बढ़ी दर से डीए का भुगतान करने का फैसला किया है। इससे पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मूल वेतन के 12 फीसद की दर से डीए दिया जा रहा था।