यूपी में सरकार और संगठन की अहम बैठक आज, किसान आंदोलन और आगामी चुनावों पर बनेगी रणनीति
यूपी के चुनावों में लगातार मिल रही सफलता योगी सरकार और भाजपा संगठन के कामकाज पर संतुष्टि की मुहर लगा रही है। इस समन्वय को और मजबूत कर मौजूदा चुनौतियों से निपटने के साथ ही भविष्य की रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को अहम बैठक होने जा रही है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के चुनावों में लगातार मिल रही सफलता योगी सरकार और भाजपा संगठन के कामकाज पर संतुष्टि की मुहर लगा रही है। इस समन्वय को और मजबूत कर मौजूदा चुनौतियों से निपटने के साथ ही भविष्य की रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को अहम बैठक होने जा रही है। इसमें किसान आंदोलन सबसे प्रमुख मुद्दा रह सकता है। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा संभव है।
सरकार और संगठन में समन्वय के लिए लगातार बैठकें होती रही हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण काल में यह प्रक्रिया कुछ प्रभावित हुई है। इसी बीच प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी राधा मोहन सिंह को मिली है। साथ ही सह-संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और भवानी सिंह बनाए गए हैं। बताया गया है कि सभी मंत्रियों की इन नए पदाधिकारियों से औपचारिक मुलाकात कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर शुक्रवार शाम 6:30 बजे बैठक बुलाई गई है। सहभोज के साथ होने जा रही इस बैठक में आगामी पंचायत चुनावों के साथ ही 2022 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए तालमेल आदि पर विचार-विमर्श होगा।
साथ ही बड़ा मुद्दा वर्तमान में चल रहे किसान आंदोलन का हो सकता है। नए कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन का बेशक उत्तर प्रदेश में कुछ खास प्रभाव नहीं दिखाई दे रहा है, लेकिन विपक्ष लगातार अपने प्रयास कर रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने अपने मंत्रियों और विधायकों को जिम्मेदारी दे रखी है कि अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों से संवाद कर उन्हें नए कानूनों के लाभ के बारे में बताएं।
वहीं, संगठन द्वारा भी सभी जगह किसान पंचायतें की जा रही हैं। इन्हीं प्रयासों को और मजबूती से करने पर कोई आंतरिक रणनीति इस बैठक में तय की जा सकती है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी मौजूद रहेंगे।