जानिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आजकल क्यों साथ लेकर चलते हैं 'लाल पोटली', खुद ही बताई वजह
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे तो किसानों को लेकर अपना रोडमैप बताया। जयंत चौधरी के साथ खुद को किसान का बेटा बताया हुए कहा कि गठबंधन की सरकार चौधरी चरण सिंह अजित सिंह और मुलायम सिंह यादव की विरासत को आगे बढ़ाएगी।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे तो किसानों को लेकर अपना रोडमैप बताया। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ खुद को किसान का बेटा बताते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार चौधरी चरण सिंह, अजित सिंह और मुलायम सिंह यादव की विरासत को आगे बढ़ाएगी। इस दौरान अखिलेश यादव ने जेब से निकालकर एक 'लाल पोटली' दिखाई और कहा कि इसमें अन्न है और इसलिए इसे जेब में लेकर घूम रहे हैं।
सपा और राष्ट्रीय लोकदल का चुनावी गठबंधन अस्तित्व में आने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहली संयुक्त प्रेस वार्ता की। हेलिकाप्टर को दिल्ली में देर से उड़ान की इजाजत की वजह से काफी विलम्ब से अखिलेश यादव ने मुजफ्फरनगर पहुंचे। प्रेस वार्ता में दो लड़के, और बुआ भतीजा के बाद अखिलेश-जयंत की जोड़ी को क्या नाम देंगे? इस सवाल पर सपा अध्यक्ष ने कहा, 'ये दोनों किसानों के बेटे हैं। किसानों के हक के लिए आखिरी वक्त तक लड़ेंगे। इसलिए मैं जेब में एक पोटली लेकर चलता हूं, लाल टोपी और लाल पोटली। यह अन्न दाता के पक्ष में उन्हें हारने के लिए अन्न संकल्प लेकर चलता हूं।'
मुज़फ़्फ़रनगर में सपा-रालोद ने मिलकर लिया अन्नदाता पर अत्याचार और अन्याय करनेवाली भाजपा सरकार को हराने-हटाने का ‘संयुक्त अन्न संकल्प’. किसानों का इंक़लाब होगा ~ बाइस में बदलाव होगा. किसान एकता का नारा हमारी ताक़त भाईचारा pic.twitter.com/X1tDpQ1psn
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 28, 2022
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा हम किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं, हम चौधरी चरण सिंह जी,नेताजी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। किसानों, नौजवानों के लिए यह गठबंधन काम करेगा। भाजपा के घोषणापत्र के वादे झूठे निकले। जब भाजपा बुनियादी सवालों पर घिर जाती है तो मुद्दों को भटकाते हैं। इस चुनाव में ये भ्रम टूट जाएगा। ये जोड़ी (अखिलेश और जयंत) किसानों के बेटे की है, मैं जेब में अन्न की पोटली लेकर चलता हूं। लाल टोपी और लाल पोटली... मैं उन्हें (भाजपा) को हाराने के लिए अन्न का संकल्प लेकर चलता हूं।
गन्ना किसानों का भुगतान करेंगे 15 दिनों में : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव बाद सरकार बनने की स्थिति में कई वादे किए। उन्होंने कहा कि, 'प्रदेश में गठबंधन की सरकार आने पर किसानों और आम आदमी को संपन्न बनाने की दिशा में काम होगा। किसानों को 15 दिन में गन्ने का भुगतान मिलेगा। सपा शासन में 300 यूनिट मुफ्त बिजली के साथ सिंचाई व्यवस्था सस्ती और बेहतर करेंगे, महिलाओं को सुरक्षा देंगे। अन्य आवश्यक सुविधाएं देकर सभी वर्ग को मजबूत बनाया जाएगा।'
Edited By Umesh Tiwari