UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मिले 1879 नए मरीज, स्वस्थ हुए 1351
UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना से ठीक होने वालों के मुकाबले नए मरीजों की संख्या अधिक रही। बीते 24 घंटों में 1351 लोग स्वस्थ हुए जबकि 1879 नए मरीज सामने आए। कोरोना की चाल में यह बदलाव करीब 50 दिन बाद आया है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होने वालों के मुकाबले नए मरीजों की संख्या अधिक रही। बीते 24 घंटों में 1351 लोग स्वस्थ हुए, जबकि 1,879 नए मरीज सामने आए। कोरोना की चाल में यह बदलाव करीब 50 दिन बाद आया है। इस बीच लगातार नए मरीजों के सापेक्ष अधिक लोग ठीक हो रहे थे, लेकिन अब दो दिनों से यह सिलसिला टूटने के कारण एक्टिव केस भी 612 बढ़कर 23,150 हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से उत्तर प्रदेश में 28 और लोगों की मौत हुई। इधर दो-तीन दिन से कम मौतें हो रहीं थी, गुरुवार को अचानक इसमें भी बढ़ोतरी हुई है। कोरोना से अब तक कुल 7,131 लोगों की जान जा चुकी है। इस महामारी से प्रदेश में अब तक कुल 4.91 लाख लोग संक्रमित हुए, जिसमें 4.61 लाख स्वस्थ हो चुके हैं। मौजूदा रिकवरी रेट 93.81 फीसद है। गुरुवार को 1.55 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई। अब तक प्रदेश में 1.56 करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश में कोविड के साथ अब नॉन कोविड केयर पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2019 में एक अक्टूबर से चार नवंबर तक सरकारी अस्पतालों में 22,890 मरीजों की मेजर सर्जरी (बड़े आपरेशन) हुई, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में 21,320 लोगों के बड़े आपरेशन किए गए। ई-संजीवनी पोर्टल से भी अब तक 1.87 लाख लोग डाक्टरों से ई-परामर्श ले चुके हैं।
दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद व मेरठ में मिले ज्यादा रोगी : गुरुवार को मिले कोरोना के 1,879 रोगियों में से सबसे ज्यादा 221 मरीज लखनऊ में मिले। दिल्ली से सटे जिलों में भी अब ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। मेरठ में 164, गाजियाबाद में 141 और नोएडा में 148 रोगी मिले हैं।