भाजपा में शामिल होने के बाद लखनऊ पहुंची अपर्णा यादव ने लिया मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद
Aparna Bisht Yadav भाजपा में शामिल होने के बाद लखनऊ पहुंची अपर्णा यादव ने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी का आशीर्वाद लिया।अपर्णा बिष्ट यादव ने शुक्रवार को सुबह नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का आशीर्वाद लिया।
लखनऊ, जेएनएन। नई दिल्ली में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता लेने वाली समाजवादी पार्टी की नेता अपर्णा बिष्ट यादव गुरूवार रात लखनऊ पहुंची। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा बिष्ट यादव ने शुक्रवार को सुबह नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का आशीर्वाद लिया।
अपर्णा यादव ने शुक्रवार को मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लेने के बाद ट्वीट भी किया। भाजपा में शामिल होने के बाद लखनऊ पहुंची अपर्णा यादव ने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी का आशीर्वाद लिया।
भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी से आशीर्वाद लिया। pic.twitter.com/AZrQvKW55U— Aparna Bisht Yadav (@aparnabisht7) January 21, 2022
इससे पहले अपर्णा बिष्ट यादव गुरुवार रात को नई दिल्ली से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। जहां पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर उनके समर्थक ढोल-नगाड़े के साथ मुस्तैद थे, और उनके आगमन पर जमकर फूलों की बारिश भी की गई। इसके बाद भांगड़ा तथा अन्य नृत्यों पर इनके समर्थक काफी देर तक झूमते रहे। एयरपोर्ट से घर आने के रास्तों पर भी जगह-जगह पर अपर्णा का स्वागत किया गया।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव को समाजवादी पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से चुनाव के मैदान में उतारा था। इसमें भाजपा की डा. रीता बहुगुणा जोशी ने अपर्णा यादव को पराजित किया था। इस चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने अपर्णा यादव के समर्थन में जनसभा की थी। मुलायम सिंह यादव ने 2017 के विधानसभा चुनाव में सिर्फ अपर्णा यादव, शिवपाल सिंह यादव तथा स्वर्गीय पारसनाथ यादव के पक्ष में ही जनसभा की थी। शिवपाल सिंह यादव इटावा के जसवंतनगर तथा पारस नाथ यादव जौनपुर के मल्हनी से चुनाव लड़े थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं रीता बहुगुणा जोशी को भाजपा ने प्रयागराज से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ाया। उनके सांसद बनने के बाद कैंट सीट पर उप चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपर्णा यादव को टिकट नहीं दिया था। उप चुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की थी।