UP Chunav 2022: अब रोजगार के लिए बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाएगी कांग्रेस, आज से शुरू होगा 'स्पीक अप' अभियान
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 कांग्रेस और राष्ट्रीय युवा छात्र संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश में जगह जगह स्टाल लगाकर बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाएंगे और उन्हें रोजगार पंजीयन क्रमांक भी आवंटित करेंगे। कांग्रेस का भर्ती विधान प्रदेश के सात करोड़ युवाओं की आशाओं आकांक्षाओं का दस्तावेज है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। UP Vidhan Sabha Chunav 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में युवा वर्ग के लिए जारी किये गए अपने घोषणा पत्र 'भर्ती विधान' को लेकर कांग्रेस रविवार को सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बेरोजगार नौजवानों के बीच प्रदेशव्यापी 'स्पीक अप' अभियान चलाने जा रही है। पार्टी के इंटरनेट मीडिया विभाग की ओर से संचालित किये जाने वाले इस अभियान के तहत बेरोजगार युवा फेसबुक और ट्विटर पर भर्ती विधान पर विश्वास और पिछली सरकारों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा, कांग्रेस और राष्ट्रीय युवा छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश में जगह जगह स्टाल लगाकर बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाएंगे और उन्हें रोजगार पंजीयन क्रमांक भी आवंटित करेंगे।
कांग्रेस के मीडिया व कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस का भर्ती विधान प्रदेश के सात करोड़ युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं का दस्तावेज है। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार के शासनकाल में 12 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। किसी तरह परीक्षा हो भी जाती है तो परीक्षार्थी रिजल्ट, नियुक्ति के लिए संघर्ष करते हैं। बीते पांच वर्ष में कई ऐसे मौके आए हैं जब गर्मी, बरसात, जाड़ा झेलते हुए अभ्यर्थियों पर लाठियां भांजी गई हैं, उन पर मुकदमे लादे गए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने युवाओं के लिए विशेष चुनाव घोषणापत्र जारी करके 20 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इनमें आठ लाख नौकरियां लड़कियों-महिलाओं के लिए होंगी। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया की गड़बड़ियों को दुरुस्त कर इसे पारदर्शी बनाने का भी वादा किया है, इसीलिए युवा घोषणापत्र को 'भर्ती विधान' नाम दिया गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ युवा घोषणापत्र जारी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश को नई दिशा देना चाहती है और इसके लिए राज्य के युवाओं की क्षमता को दिशा देना अपरिहार्य है।