Move to Jagran APP

UP Chunav 2022: कांग्रेस ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट में भी निभाया आधी आबादी को 40 फीसद टिकट का वादा, जानें- कितनी महिलाओं को मिला टिकट

UP Vidhan Sabha Chunav 2022 कांग्रेस ने विधान सभा चुनाव के जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में विभिन्न मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद करने वाली महिलाओं को जगह दी है। शूटिंग की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रहीं पूनम पंडित को पार्टी ने बुलंदशहर की स्याना सीट से प्रत्याशी बनाया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 20 Jan 2022 11:02 PM (IST)Updated: Thu, 20 Jan 2022 11:02 PM (IST)
UP Chunav 2022: कांग्रेस ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट में भी निभाया आधी आबादी को 40 फीसद टिकट का वादा, जानें- कितनी महिलाओं को मिला टिकट
UP Vidhan Sabha Chunav 2022: कांग्रेस ने गुरुवार को 41 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए गुरुवार को 41 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 125 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे जिसमें पहले चरण की 24 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किये गए थे। दूसरी सूची में पहले चरण की बची हई 34 सीटों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। यूपी विधासभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर चुनाव होना है। दूसरी सूची में भी कांग्रेस ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का वादा निभाया है। पार्टी ने 41 में से 16 टिकट महिलाओं को दिए हैं।

loksabha election banner

कांग्रेस ने यूपी विधान सभा चुनाव के जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में विभिन्न मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद करने वाली महिलाओं को जगह दी है। शूटिंग की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रहीं पूनम पंडित को पार्टी ने बुलंदशहर की स्याना सीट से प्रत्याशी बनाया है। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी की बाउंसर भी रह चुकी पूनम ने तीन कृषि कानूनों का विरोध किया था।

वहीं, पार्टी ने अपने दिवंगत राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से मैदान में उतारा है। टेलीविजन डिबेट में हेट स्पीच के मामलों को लेकर संगीता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की है। बरेली की नवाबगंज सीट से ऊषा गंगवार उम्मीदवार होंगी। दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं ऊषा महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर मुखर रही हैं। कुछ अरसा पहले वह बसपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुई थीं।

आगरा में सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि की पुलिस पिटाई से हुई मौत के बाद वहां पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वाल्मीकि समाज के लोगों को आश्वासन दिया था कि उनकी सहमति से जो नाम भेजा जाएगा, पार्टी उसे टिकट देगी।

पार्टी ने अपने इस वादे को निभाते हुए आगरा कैंट (सुरक्षित) सीट से सिकंदर वाल्मीकि को टिकट दिया है। सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने और कोरोना काल के दौरान मजदूरों को भोजन व जरूरतमंदों तक अनाज पहुंचाने वाले टुक्की मल खटिक को पार्टी ने बुलंदशहर की खुर्जा सीट से प्रत्याशी बनाया है। टुक्की मल बुलंदशहर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे हैं। कहार समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने वाले राहुल कश्यप को पार्टी ने बागपत की बड़ौत सीट पर उतारा है।

सामाजिक संतुलन पर जोर : दूसरी सूची में शामिल प्रत्याशियों का चयन करते हुए कांग्रेस ने जातीय समीकरण और सामाजिक संतुलन को साधने की कोशिश की है। सूची में सामान्य वर्ग के 12 प्रत्याशी हैं जिनमें नौ ब्राह्मण और तीन ठाकुर हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के 12 प्रत्याशियों में से पांच जाट व दो कश्यप समाज से ताल्लुक रखते हैं जबकि बनिया, गुर्जर, कुर्मी, प्रजापति व सैनी बिरादरियों के एक-एक उम्मीदवार हैं। अनुसूचित जाति के सात प्रत्याशियों में से धनगर, धोबी व खटिक बिरादरी के एक-एक तथा जाटव और वाल्मीकि समाज के दो-दो उम्मीदवार हैं। सूची में नौ मुस्लिम और एक सिख प्रत्याशी को भी जगह दी गई है।

औसत उम्र 46 वर्ष : सूची में शामिल 41 प्रत्याशियों की औसत आयु 46 वर्ष है। महिला उम्मीदवारों की औसत उम्र 42 वर्ष और पुरुषों की 49 वर्ष है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.