Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश में बढ़ गए 10 लाख मतदाता, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जारी की अंतिम वोटर लिस्ट

यूपी में चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के बाद वोटर लिस्ट में 18-19 वर्ष की आयु के कुल मतदाताओं की संख्या अब 7.42 लाख हो गई है। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी मतदाता बनने का काम जारी रहेगा।

By Umesh Kumar TiwariEdited By: Published: Fri, 15 Jan 2021 08:20 PM (IST)Updated: Fri, 15 Jan 2021 08:20 PM (IST)
उत्तर प्रदेश में बढ़ गए 10 लाख मतदाता, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जारी की अंतिम वोटर लिस्ट
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में अब 14.66 करोड़ मतदाता हो गए हैं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में अब 14.66 करोड़ मतदाता हो गए हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में 10 लाख मतदाता और बढ़ गए हैं। पहले कुल मतदाताओं की संख्या 14.56 करोड़ थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी। इसमें 18-19 वर्ष की आयु के कुल 3.92 लाख नए युवा मतदाता शामिल हुए हैं।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश में मतदाता विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलाया गया था। इसके बाद दावे व आपत्तियों का निस्तारण कर नई वोटर लिस्ट का प्रकाशन शुक्रवार को किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस अभियान के परिणाम स्वरूप वोटर लिस्ट में 18-19 वर्ष की आयु के कुल मतदाताओं की संख्या अब 7.42 लाख हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साफ किया कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी मतदाता बनने का काम जारी रहेगा।

पांच लाख महिला मतदाता बढ़ीं :  मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस अभियान के बाद उत्तर प्रदेश में पांच लाख महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है। पहले कुल मतदाताओं में 6.69 करोड़ महिला मतदाता थीं अब यह संख्या बढ़कर 6.74 करोड़ हो गई है। साथ ही महिला मतदाताओं के अनुपात में भी सुधार हुआ है। प्रति एक हजार पुरुषों में 850 महिलाएं थीं, अब प्रति एक हजार पुरुषों में 851 महिला मतदाता हो गई हैं।

7.85 लाख मतदाताओं के नाम कटे :  मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची में 7.85 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें 4.04 लाख मृतक श्रेणी, 2.68 लाख दूसरे स्थानों में जाने वाले व 1.05 लाख डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 8.67 लाख है। प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वर्तमान में कुल 1,63,494 मतदान केंद्र हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.