Barabanki By-Election: बाराबंकी उपचुनाव के मतदान पर दिखा कोरोना का खौफ
Barabanki By-Election बंकी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हैं 11 दावेदार। दरियाबाद में सभासद के लिए है तीन प्रत्याशी। 23 बूथों पर मतदान के लिए वोटरों की लाइन लगी हुई है। छह मई को सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी।
बाराबंकी, जेएनएन। By-Election in Barabanki: नगर पंचायत बंकी के उपचुनाव में कोरोना का खाैफ मतदाताओं पर दिखा। इसके चलते नागरिकों में मतदान के प्रति उत्साह नहीं दिखा। हालांकि, कुछ बूथों पर बुजुर्गों को भी लेकर उनके परिवारजन पहुंचे। मतदान स्थिति यह रही कि पुलिस चौकी पर बनाए गए बूथ संख्या 13 में दोपहर 12 बजे तक 1002 में से 293 व बूथ 14 में 1193 में से 238 लोगों ने वोट डाला। सवा 12 बजे नगर पंचायत बंकी के पुराने भवन में बने बूथ संख्या 21 में 546 के सापेक्ष 176, बूथ 22 में 936 के सापेक्ष 377 वोट पड़े।
उत्तर टोला बंकी के बूथ संख्या 10 में साढ़े 12 बजे तक 760 में 285 व बूथ संख्या 20 में 665 में 244 वोट पड़े। इसी तरह अन्य बूथों पर भी मतदान सुस्त गति से चला। पुलिस चौकी बूथ पर वृद्धा राम दुलारी को उनका पौत्र गौरव सिंह गोद में उठाकर वोट डलवाने ले गया। इसी तरह अन्य बुजुर्ग मतदाताओं का सहारा उनके परिवारजन बने। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत अध्यक्ष अंशू सिंह के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। स्वर्गीय अंशू सिंह की पुत्र बधू रिंकी सिंह, भाजपा से अनूप यादव, मुख्य चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे संजय उर्फ संजीव मिश्र, इरफाना खातून, फजल हक व शाहे नूर निजामी उप चुनाव लड़ रहे हैं।