UP Budget 2021-22: होमगार्ड विभाग को मिले 25 करोड़, मृत्यु और अपंगता पर परिवार को मिलेंगे पांच लाख
होमगार्ड विभाग के अवैतनिक स्वयंसेवकों एवं अवैतनिक अधिकारियों की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु अथवा अपंगता होने पर मृतक आश्रित अथवा उनके नामिनी को पांच लाख रुपये अनुगृह राशि के रूप में दी जाएगी। बजट सत्र 2021-22 में इसके लिए सरकार ने अनुगृह राशि जारी भी कर दी है।
लखनऊ, जेएनएन। होमगार्ड विभाग के अवैतनिक स्वयंसेवकों एवं अवैतनिक अधिकारियों की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु अथवा अपंगता होने पर मृतक आश्रित अथवा उनके नामिनी को पांच लाख रुपये अनुगृह राशि के रूप में दी जाएगी। बीते छह दिसंबर होमगार्ड विभाग के स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने इसकी घोषणा की थी। बजट सत्र 2021-22 में इसके लिए सरकार ने अनुगृह राशि जारी भी कर दी है।
डीआइजी होमगार्ड मुख्यालय रणजीत सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था बीते छह दिसंबर से लागू है। हालांकि अब इसका बजट जारी हुई था। इस अवधी में एक्सीडेंट, हार्ट अटैक, किसी भी प्रकार की बीमारी अथवा किसी भी स्थिति में अगर होमगार्ड जवान अथवा अवैतनिक अधिकारी की मृत्यु या अपंगता हुई हो उसके आश्रित को यह राशि दी जाएगी।
प्रदेश में होमगार्डों की संख्या
- होमगार्ड की स्वीकृत संख्या : 1,18,348
- वर्तमान में प्रदेश में होमगार्ड : 90 हजार करीब
- नियमित ड्यूटी करने वाले : 83 हजार करीब
अधूरे पड़े चार केंद्रीय मंडलीय संस्थान के निर्माण के लिए 15 करोड़
डीआइजी होमगार्ड मुख्यालय ने बताया कि प्रदेश में अधूरे पड़े चार मंडलीय प्रशिक्षण संस्थान कानपुर, प्रयागराज, झांसी और आगरा के लिए 15 करोड़ रुपये सरकार ने इस बजट सत्र में दिए हैं। इन 15 करोड़ रुपये से प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण कार्य कराया जाएगा।