यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- प्रत्येक बूथ को करना होगा कोरोना मुक्त, समाजसेवी संगठनों को लें साथ
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि महामारी की दूसरी लहर को रोकने के लिए प्रत्येक बूथ को कोरोना मुक्त करना होगा। इस अभियान में प्रशासन का सहयोग लेने के अलावा समाजसेवी संगठनों को भी साथ लेना चाहिए।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि महामारी की दूसरी लहर को रोकने के लिए प्रत्येक बूथ को कोरोना मुक्त करना होगा। इस अभियान में प्रशासन का सहयोग लेने के अलावा समाजसेवी संगठनों को भी साथ लेना चाहिए। सोमवार को ब्रज व पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं की वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि अब भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। प्रयासपूर्वक पीड़ितों और जरूरतमंदों तक राहत यथाशीघ्र पहुंचाने का काम करना चाहिए।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिए पीएम केयर्स के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 551 पीएसए ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विषम परिस्थितियों में महामारी का मजबूती से सामना किया जा रहा है। उन्होंने संपर्क व संवाद स्थापित कर प्रभावी ढंग से सेवा कार्य चलाने की अपील की।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता छोटे-छोटे समूहों में कैंटोनमेंट जोन या जहां लोग कोविड महामारी से ज्यादा प्रभावित है, वहां पर योजनापूर्वक राहत अभियान चलाये। महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने चलाये जा रहे सेवा कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए कोविड वैक्सीनेशन का निर्णय लिया है। लोगों को इस बात के लिए प्रेरित करना चाहिए कि वैक्सीनेशन के लिए अपना पंजीकरण कराकर निर्धारित समय पर टीका लगवाये।
महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि हर जरूरतमंद को सहायता मिले इसी उद्देश्य के साथ सेवा कार्य करना चाहिए। बैठक में सह महामंत्री संगठन कर्मवीर, डा. महेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रकाश पाल, प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, पश्चिम छेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, ब्रज के रंजनीकांत महेश्वरी भी उपस्थित रहे।