कृष्णा पटेल ने कहा, सपा और अपना दल (के) मिलकर लड़ेंगे चुनाव; सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं
UP assembly elections 2022 अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से बुधवार को उनकी मुलाकात हुई है। समाजवादी पार्टी व अपना दल मिलकर आगामी विधान सभा चुनाव लड़ेंगे। हम लोगों का गठबंधन हो गया है।
लखनऊ, जेएनएन। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने बुधवार को कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात हुई है। समाजवादी पार्टी और अपना दल मिलकर उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हम लोगों का गठबंधन हो गया है। जल्द ही हम चुनाव प्रचार में संयुक्त मंच पर नजर आएंगे। सीटों को लेकर अभी कोई बात नहीं हुई है। सीटों पर कोई झगड़ा भी नहीं है। इस पर हमारी बातचीत आगे हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मां कृष्णा पटेल ने कहा कि असली अपना दल उनका ही दल है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि अनुप्रिया पटेल लोकसभा सांसद हैं और यह चुनाव विधानसभा का है। किसी भी बेटी से मुझे कोई शिकायत नहीं है। अनुप्रिया भी जब आती हैं तो मेरे ही पास रुकती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल ही नहीं प्रदेश की कई अन्य विधानसभा सीटों पर भी कुर्मी मतदाता जीत भले न पाएं लेकिन हराने की ताकत जरूर रखते हैं।
श्रीमती कृष्णा पटेल जी के साथ जातीय जनगणना के महत्वपूर्ण और निर्णायक विषय पर सहमति के साथ निरंतर रहेगा समता और समानता का आंदोलन… pic.twitter.com/MI7tDiV2fr— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2021
लखनऊ स्थित लोहिया ट्रस्ट के दफ्तर में हुई सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम लोगों का गठबंधन हो गया है और हम जल्द ही संयुक्त मंच पर दिखेंगे। कृष्णा पटेल केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मां हैं।
बता दें कि अखिलेश यादव ने मंगलवार और बुधवार को कई नेताओं से मुलाकात की और गठबंधन को लेकर चर्चा की। मंगलवार की शाम उन्होंने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे पर निर्णय हो गया है। जल्द ही इसका औपचारिक एलान होगा। बुधवार सुबह अखिलेश ने आम आदमी पार्टी के नेता व सांसद संजय सिंह से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल से भी मुलाकात की।