नोटबंदी के पांचवें वर्ष पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लॉन्च किया 'समाजवादी इत्र', बोले- नफरत करेगा खत्म
UP Assembly Election 2022 सपा के कुनबा बढ़ाओ अभियान में बेहद सक्रियता से लगे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी इत्र लॉन्च किया। एमएलसी पुष्पराज जैन ने इत्र के लॉन्च के मौके पर कहा कि वर्ष 2022 में यह परफ्यूम नफरत को खत्म करेगा।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के कुनबा बढ़ाओ अभियान में बेहद सक्रियता से लगे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी इत्र लॉन्च किया है। देश में नोटबंदी की पांचवीं वर्षगांठ पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में अखिलेश यादव ने 'समाजवादी इत्र' भी लॉन्च किया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2022 के विधान सभा चुनाव से पहले मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में 'समाजवादी इत्र' लांच किया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि नफरत की आंधी खत्म कर समाजवाद की सुगंध यह इत्र फैलाएगा। नोटबंदी के फैसले पर प्रहार करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा बताए कि नोटबंदी से क्या फायदा हुआ। भाजपा ने जो सपने दिखाए थे वह अधूरे रह गए। उसके प्रयास से सिर्फ अमीरों को ही फायदा हुआ है। नोटबंदी के दौरान तमाम लोगों की जानें चली गईं, लेकिन सिर्फ समाजवादी पार्टी ने ही पीड़ित परिवारों की मदद की।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे कानपुर देहात के खजांची का पांचवां जन्मदिन प्रदेश कार्यालय में मनाया। इस मौके पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने खजांची को साइकिल, खिलौने व नगद धनराशि प्रदान की। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि भाजपा को खजांची का जन्मदिन धूमधाम से मनाना चाहिए। उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को लाभ देने के बजाय उन्हें टायरों से कुचला जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार लखीमपुर खीरी मामले में न्याय की जीत नहीं होने देगी। ट्रिपल इंजन के बारे में उन्होंने बताया कि एक दिल्ली वाला इंजन, दूसरा यूपी वाला इंजन और तीसरा लखीमपुर वाला इंजन है। लखीमपुर खीरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर अखिलेश ने कहा 'सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर यूपी सरकार से भी सवाल किया और कठोर टिप्पणियां कीं। न्यायालय कह रहा है कि दोषियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे थे।' सपा शुरू से ही कह रही थी कि जब तक भाजपा सत्ता में है, न्याय नहीं मिल सकता है। एसआइटी राज्य सरकार की है, यह वही करेगी जो सरकार कहेगी।
उन्होंने कहा कि सीएम योगी का भाषण सुनिए, उनसे पूछिए कि कितना बड़ा झूठ बोला कि पुरानी सरकार न सड़क बना रही थी, न बिजली बना रही थी, न अस्पताल दे रही थी और न इलाज दे रही थी। अरे ऐसे मुख्यमंत्री जो बिजली प्लांट का नाम नहीं ले पा रहे वो सस्ती बिजली क्या देंगे? कानपुर में किसने मेट्रो दी थी कानपुर के लोग जानते हैं। भाजपा की सरकार में एक भी नया प्रोजेक्ट स्वीकृत नहीं किया गया, सारे हमारी सरकार के हैं। इस मौके पर बसपा छोड़कर पीलीभीत की दिव्या गंगवार और चौधरी प्रदीप सिंह पटेल ने सपा की सदस्यता ली। साथ ही रविशंकर गंगवार, बृजेश गंगवार तथा पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय ने भी साइकिल थाम ली।
2022 के चुनाव के लिए 22 प्राकृतिक खुशबुओं का मिश्रण : समाजवादी इत्र को कन्नौज के सपा एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन ने तैयार करवाया है। उन्होंने बताया कि इस इत्र को तैयार करने में दो वैज्ञानिकों को चार महीने का समय लगा। इसकी खास बात ये है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक इस इत्र में 22 प्राकृतिक खुशबुओं का मिश्रण कर बनाया गया है। इत्र को लगाने में भाईचारा महसूस होगा। उन्होंने बताया कि एक और प्राकृतिक इत्र बनाने की तैयारी हो रही है जो 2024 में लांच किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा से सवाल- बताएं नोटबंदी से क्या मिला