Move to Jagran APP

UP Assembly Election 2022: महंगाई के खिलाफ मोर्चा खोलेगी कांग्रेस, शुरू होगी 32 हजार किमी की पदयात्रा

उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी घोषणाओं को लेकर प्रतिज्ञा यात्रा निकालने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राज्य की जनता के बीच महंगाई का मुद्दा जोरशोर से उठाने के लिए पदयात्रा का एलान किया है। 14 नवंबर से शुरू होने वाली यह पदयात्रा कुल 32240 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 10 Nov 2021 11:04 PM (IST)Updated: Thu, 11 Nov 2021 07:02 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: महंगाई के खिलाफ मोर्चा खोलेगी कांग्रेस, शुरू होगी 32 हजार किमी की पदयात्रा
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस उत्तर प्रदेश 32 हजार किलोमीटर की पदयात्रा शुरू करेगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी घोषणाओं को लेकर प्रतिज्ञा यात्रा निकालने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राज्य की जनता के बीच महंगाई का मुद्दा जोरशोर से उठाने के लिए पदयात्रा का एलान किया है। 'भाजपा हटाओ-महंगाई भगाओ' के नारे के साथ 14 नवंबर से शुरू होने वाली यह पदयात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में होगी और कुल 32,240 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

loksabha election banner

महंगाई को लेकर सरकार पर हमलावर रही कांग्रेस अब तक धरना-प्रदर्शन करती आई है। अब उसने महंगाई के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ने के लिए प्रदेश में पदयात्रा करने का निर्णय किया है। पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस 14 नवंबर से शुरू होने वाली यह पदयात्रा 24 नवंबर तक चलेगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में रोज कम से कम 10 किलोमीटर की पदयात्रा सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक दिन यह पदयात्रा न्यूनतम सात ग्राम सभाओं व वार्डों में की जाएगी। यात्रा के दौरान मंहगाई की मौजूदा स्थिति पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र का प्रत्येक घर में वितरण किया जाएगा। पदयात्रा के मार्ग में आने वाले स्थानीय हाट व बाजार में शाम को रोजाना एक नुक्कड़ सभा का आयोजन भी किया जाएगा।

दो दिन की पदयात्रा के बाद एक दिन का विश्राम रहेगा। कुल मिलाकर यह पदयात्रा प्रत्येक विधानसभा में चार टुकड़ों में आठ दिन संचालित होगी, जिसमें न्यूनतम 80 किलोमीटर की पदयात्रा यात्रा की जाएगी। पदयात्रा प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 60 ग्राम सभा/वार्डों से होकर निकलेगी। इस तरह प्रत्येक विधानसभा में कुल आठ नुक्कड़ सभाएं आयोजित होगी। पूरे प्रदेश में 32,240 किलोमीटर की पदयात्रा, 24,180 ग्राम सभा स्तरीय बैठक और 5,000 नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होगा।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी ने बताया कि पदयात्रा का रूट तय करने की जिम्मेदारी जिलाध्यक्षों व शहर अध्यक्षों को दी गई है। पदयात्रा को सुचारु तरीके से सम्पन्न कराने के लिए कार्य वितरण और जिम्मेदारी तय करने के लिए 10, 11 और 12 नवंबर को तैयारी बैठक की जाएगी। पदयात्रा की तैयारी के लिए उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.