कौशांबी में अनोखे विवाह के साक्षी बने हजारों लोग
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आज एक अनोखे विवाह में हजारों लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। यहां पर आज एक कुत्ते तथा कुतिया के विवाह में हजारों लोग शामिल थे।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आज एक अनोखे विवाह में हजारों लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। यहां पर आज एक कुत्ते तथा कुतिया के विवाह में हजारों लोग शामिल थे।
आज के दौर में जहां विवाह तथा अन्य बड़े आयोजनों में फिजूल खर्ची रोकने और लोगों की संख्या सीमित रखने की कई अपील की जाती है, वहीं कौशांबी जिले में आज एक कुत्ते की धूमधाम से हुई शादी लोगों में चर्चा का विषय बन गई है।
कौशांबी जिले के एक गांव में रहने वाले जंग बहादुर सिंह ने पालतू कुतिया शगुनिया की शादी इतनी धूमधाम से कराई कि लोग देखते ही रह गये। वहीं दूल्हा बनकर पहुंचे कुत्ते का नाम शगुन है।
बैंड तथा डीजे की धुन पर करीब दो हजार बराती नाचते-गाते इस अनोखे विवाह के साक्षी बने। पूरे विधि-विधान से संपन्न हुई शादी में कार्ड छपवाने से लेकर वरमाला जैसी तमाम तरह की रस्में निभाई गईं। लाल और पीले जोड़े में सजी शगुनिया का काफी आकर्षक लग रही थी। अनोखे विवाह का साक्षी बनने वाला हर शख्स खूबसूरत मंजर को अपने मोबाइल फोन के कैमरों में कैद करता दिखा।
लड़की पक्ष की ओर से हर बराती के लिए लाजवाब दावत का भी इंतजाम किया गया था। वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जंग बहादुर सिंह ने रोते-रोते अपनी कुतिया शगुन को घर से विदा किया।