Raebareli News : रायबरेली जिला कारागार से भागे दो बंदी बाराबंकी बॉर्डर से गिरफ्तार, क्वारंटाइन बैरक के बाथरूम से लगाई थी सेंध
रायबरेली जिला कारागार का मामला। दोनों आरोपी चोरी और दुष्कर्म के आरोप में काट रहे हैं सजा।
रायबरेली, जेएनएन। सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर जेल से भागने वाले दो कैदियों को शिवगढ़ पुलिस ने बुधवार सुबह 7:00 बजे नेमुलापुर मजरे कुंभी से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह से शिवगढ़ और बछरावां की पुलिस दोनों बंदियों की तलाश में जुटी थी। पूरी रात जनपद की सीमा पर जंगल और शेरगढ़ गांव में छानबीन होती रही।
आखिरकार सुबह पुलिस को सफलता मिल गई। बंदी शारदा प्रसाद नेमुलापुर मजरे कुंभी गांव के पास पुलिया पर बैठा था। पुलिस ने पहले उसे पकड़ा। पूछताछ करने पर दूसरा बंदी रंजीत निवासी अतर्थरिया, सलोन को भी आधा किलोमीटर की दूरी पर जंगल के पास से पकड़ लिया गया। शिवगढ़ पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र का रहने वाला शारदा प्रसाद थाना क्षेत्र नेमुला पुर से गिरफ्तार हुआ। दूसरा यहां से भाग गया था। मगर, उसे भी पकड़ लिया गया। बीते सोमवार की रात जिला कारागार से दो बंदी फरार हो गए थे। मंगलवार की सुबह गिनती में घटना का पता चला था। जिसके बाद एसपी समेत पुलिस महकमे के अफसर जेल पहुंचे। काफी छानबीन के बाद भी जब उन दोनों का पता नहीं चला तो कोतवाली में तहरीर दी गई।
शिवगढ़ के शेरगढ़ मजरे पडरिया निवासी शारदा पुत्र रामफेर को चोरी के आरोप में पांच सितंबर को जेल भेजा गया। वहीं, सलोन के अतरथरिया गांव के रंजीत को दुष्कर्म के मामले में तीन सितंबर को जिला कारागार लाया गया। दोनों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन बैरक में रखा गया था।