मध्य प्रदेश की दो शातिर महिलाओं ने पूर्व प्रधानाध्यापिका का पर्स काटा, आवाज सुन बेटे ने दबोचा
सीतापुर के बैंक ऑफ इंडिया शाखा में पेंशन निकालने गए पूर्व प्रधानाध्यापक की पर्स काटी बेटे ने पकड़ा पर्स काटने वाली महिलाएं मध्य प्रदेश की निकली पुलिस ने किया गिरफ्तार। पूर्व प्रधानाध्यापक का पर्स काटकर निकाले थे पैसे।
सीतापुर, जेएनएन। शहर की बैंक ऑफ इंडिया शाखा में पेंशन के पैसे निकालने गईं पूर्व प्रधानाध्यापक के बेटे ने मध्यप्रदेश की दो शातिर महिलाओं को दौड़ा कर दबोच लिया। बैंक सुरक्षाकर्मियों के माध्यम से इन महिलाओं को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर परिसर के प्राथमिक विद्यालय की पूर्व प्रधानाध्यापक उम्मे खातून के बेटे सैयद अजीम अंसारी ने बताया कि वह अपनी माता के साथ पेंशन निकालने के लिए शनिवार सुबह 11 बजे के दौरान बैंक ऑफ इंडिया में आए थे। बैंक में मां को पेंशन के 24 हजार रुपये मिल गए थे और उन पैसों को मां ने एक बड़े झोले में रखा था।
सैयद अजीम अंसारी अपनी मां के साथ बैंक शाखा के अंदर से काउंटर के पास से होकर बाहर के लिए निकल रहा था। सैयद अजीम की मां उम्मे खातून उससे आगे थी और जैसे ही मां ने गेट पार किया तुरंत पीछे लगी दो महिलाओं ने उनके रुपये वाले बैग में धारदार चाकू से चीरा मार दिया। सैयद अजीम अंसारी ने बताया कि झोले में लगे चीरे की आवाज उसको सुनाई पड़ी और वह तुरंत देखा, दो महिलाएं हरकत कर रही हैं। उसने शोर मचाया तो वह महिलाएं भागने लगीं। इस पर उसने बैंक सुरक्षाकर्मियों को तुरंत बताया और दौड़ाकर उन महिलाओं को पकड़ लिया। सुरक्षाकर्मियों के माध्यम से सैयद अजीम अंसारी ने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। कोतवाली में लाई गई दोनों शातिर महिलाओं ने पूछताछ में पुलिस को अपना नाम रामकली पत्नी महर्षि और शबाना पत्नी कप्तान सिंह निवासी ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश बताया है। इन महिलाओं ने पुलिस को बताया है कि वह फेरी वाली हैं। फेरी लगाकर मुहल्लों में कपड़े बेचती हैं। शातिर महिलाओं ने पुलिस को बताया है कि वह शनिवार सुबह ही लखनऊ से बस से सीतापुर शहर में आईं थीं। इन महिलाओं के साथ एक लगभग 6 वर्षीय बच्चा भी है।
शातिर महिलाओं रामकली और शबाना ने पुलिस को बताया है कि वह शुक्रवार को लखनऊ में कैसरबाग में रुकी थी। इससे पहले वह कानपुर में फेरी का काम कर रही थीं। दूसरी तरफ शहर कोतवाल तेज प्रकाश सिंह ने बताया कि इन महिलाओं से पूछताछ चल रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल ने भी बताया कि मामले में पता चल रहा है। यह शातिर महिलाएं कितनी गैंग से जुड़ी हुई हैं फिलहाल इस मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।