सुलतानपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला महिला समेत दो का शव, हत्या की आशंका
सुलतानपुर में एक महिला समेत दो लोगों का शव पेड़ की डाल से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला का पैर जमीन से टिका हुआ था इसलिए हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सुलतानपुर, जेएनएन। देहात कोतवाली व धनपतगंज में एक महिला समेत दो लोगों का शव पेड़ की डाल से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला का पैर जमीन से टिका हुआ था, इसलिए हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
हरिहरपुर गांव का एक व्यक्ति शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे नित्यक्रिया के लिए बाहर गया था। इसी दौरान उसने देखा कि एक महिला का शव बबूल के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। इस जानकारी को उसने गांव वालों को दी तो मौके पर भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर देहात कोतवाल देवेंद्र सिंह मय फोर्स पहुंच गए। जांच में पाया गया कि महिला शहर से सटे दूबेपुर ब्लाक स्थित कांसीराम कालोनी की रहने वाली थी। वह कल शाम करीब छह बजे घर से निकली थी। मृतका का पति बंगाली डॉक्टर है। पूछताछ में परिवारजन गोलमोल जवाब दे रहे है, जिससे शक की सुई इन्हीं लोगों पर घूम रही है। दूसरा मामला धनपतगंज थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवरा चरथई गांव में मानसिक रूप से विछिप्त युवक का शव घर के बाहर स्थित एक शहतूत के पेड़ से लटका पाया गया। मृतक की पहचान गांव के ही वीर बहादुर के रूप में हुई। परिवारजन ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि मृतक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की है इसका राजफाश पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।