मेरठ में हर्ष फायरिंग में मौत के सदमे में दो और मौत
मेरठ में एक समारोह में एक छोटी सी लापरवाही ने शादी की खुशियां तो मातम में बदलने के साथ ही कई घरों में कोहराम भी मचा दिया। मवाना क्षेत्र के नैडू गांव में पूर्व जिपं सदस्य के पुत्र की सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मुजफ्फरनगर
लखनऊ। मेरठ में एक समारोह में एक छोटी सी लापरवाही ने शादी की खुशियां तो मातम में बदलने के साथ ही कई घरों में कोहराम भी मचा दिया। मवाना क्षेत्र के नैडू गांव में पूर्व जिपं सदस्य के पुत्र की सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मुजफ्फरनगर के अंतवाड़ा निवासी मशहूर रागिनी गायक जोगेन्द्र की मौत हो गई थी।
इस घटना में सोनू घायल हो गया था। इससे शादी का माहौल मातम में बदल गया और अंतवाड़ा में कोहराम मच गया। परिवार की एक महिला और एक पुरुष को इतना सदमा लगा कि आज तड़के उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। कल को गांव नैडू में वार्ड तीन से पूर्व जिला पंचायत सदस्य भारतवीर के पुत्र मोहित की सगाई समारोह चल रहा था।
आज उसकी बरात मुजफ्फरनगर के गांव अंतवाड़ा जानी थी। सगाई के दौरान हंसी-खुशी का माहौल था लेकिन इसी बीच डांस करते समय उलखपुर के अरुण ने अवैध पिस्टल से फायरिंग कर दी। हर्ष फायरिंग के लिए चली गोली अंतवाड़ा के रागिनी गायक जोगेन्द्र्र को जा लगी और उसकी मौत हो गई। वहां मौजूद गुडंब का सोनू भी गोली लगने से घायल हो गया। जोगेन्द्र की मौत से जहां खुशियां मातम में बदल गईं वहीं भारतवीर की बहन दल्लो देवी निवासी अंतवाड़ा को ऐसा सदमा लगा कि आज तड़के उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजन सुबह उनका अंतिम संस्कार लौटे तो खबर मिली की भारतवीर साले सूबे सिंह निवासी नंगला राठी भी इतने सदमे में आ गए कि उनकी भी हृदय गति रुकने से मौत हो गई। उनका भी गांव में अंतिम संस्कार किया गया। पहले जोगेन्द्र और फिर दो की सदमे से हुई मौत से नैडू गांव में सन्नाटा पसर गया। शादी वाले घर में भी कोहराम के हालात बन गए। वहां लगे पंडाल भी वीरान हो गए।
बरात में जाने की तैयारी में जुटे लोग सांत्वना देने पहुंचने लगे। भारतवीर ने बताया कि सूबे सिंह ओर उनकी बहन की सदमे के कारण मौत हुई है। शादी स्थगित नहीं की गई है। शाम को सादगी के साथ 11 बराती दुल्हन लेने अंतवाड़ा गांव रवाना हो गये।
भारतवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, होंगे लाइसेंस निरस्त
एसओ राम रतन सिंह ने बताया कि भारतवीर के खिलाफ 120 बी में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाकी जिन छह-सात लोगों के पास उस दौरान असलाह थे उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी।