अयोध्या : राम मंदिर निर्माण की बेला में दो लाख पहुंची दर्शनार्थियों की तादाद
अयोध्या में लॉकडाउन के बाद रामनगरी में श्रद्धालुओं की आदमरफ्त बढ़ी। पर निर्माण की बेला आते-आते श्रद्धालुओं की संख्या में रिकार्ड उछाल दर्ज किया गया। ये आंकड़ा दो लाख पार कर चुका है। अक्टूबर में दो लाख 15 हजार भक्तों ने राम लला का दर्शन पूजन किया।
अयोध्या [रमाशरण अवस्थी]। लॉकडाउन में रामलला के श्रद्धालुओं की तादाद हजार में थी, इसके हटने के बाद जैसे, जैसे व्यवस्था पटरी पर आनी शुरू हुई वैसे-वैसे रामनगरी में श्रद्धालुओं की आदमरफ्त बढ़ी। पर निर्माण की बेला आते-आते श्रद्धालुओं की संख्या में रिकार्ड उछाल दर्ज किया गया। ये आंकड़ा दो लाख पार कर चुका है। अक्टूबर में दो लाख 15 हजार भक्तों ने राम लला का दर्शन पूजन किया। नवंबर में भी श्रद्धालुओं के आने का ट्रेंड बना हुआ है। पहले सप्ताह में ही 40 हजार श्रद्धालु राम लला का दर्शन कर चुके हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने लॉकडाउन के बाद पांच अगस्त को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की तिथि घोषित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचे और भव्य आयोजन में उन्होंने मंदिर की आधारशिला रखी। इस आयोजन के शंखनाद के साथ रामभक्त तमाम पाबंदियों के बावजूद अयोध्या की ओर उन्मुख हुए। इसी माह में देशभर के एक लाख श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन-पूजन किया। तब से यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सितंबर में पौने दो लाख लोगों ने रामलला का दर्शन किया। लोग रामलला का दर्शन करने के साथ ही ट्रस्ट कार्यालय पहुंचकर मंदिर निर्माण के लिए दान भी करते हैं। गत मार्च के अंतिम सप्ताह में ही लॉकडाउन लगा, तो मंदिर के पट भी बंद कर दिए गए थे। इस दौर में श्रद्धालुओं की संख्या हजार में सिमट कर रह गई। डीआइजी अयोध्या दीपक कुमार ने बताया कि रामनगरी में बड़ी संख्या में भक्तजन नित्य दर्शन पूजन करते हैं। देशभर से लोगों का आना जारी है। उन्होंने दर्शनार्थियों की संख्या के आंकड़े की पुष्टि की।
लॉकडाउन के बाद ये है श्रद्धालुओं का आंकड़ा
अप्रैल- 1150
मई- 1500
जून- 32000
जुलाई- 19000
अगस्त- 100000
सितंबर- 175000
अक्टूबर- 215000
नवंबर- 40000