भारत बंद: लखनऊ समेत जिलों में दिखा असर, कर्मचारी हड़ताल पर-कारोबार ठप
पुरानी पेंशन बहाली समेत 14 सूत्री मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल।
लखनऊ, जेएनएन। पुरानी पेंशन बहाली समेत 14 सूत्री मांगों को लेकर उप्र राज्यकर्मचारी महासंघ की ओर से दो दिवसीय हड़ताल प्रदेश भर में मंगलवार से शुरू हुई। प्रवक्ता सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसपी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष कमलेश मिश्रा के संयोजन में आंदोलन शुरू हो चुका है। 21 फरवरी को दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
LIC में हड़ताल काम बंद
वहीं, हड़ताल का असर आयकर विभाग में भी दिखा। कर्मचारियों ने दो दिन तक लगातार हड़ताल का दावा किया है। आयकर भवन के कमरे नहीं खुले। आयकर संबंधित काम कराने वाले लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। सभी कर्मचारी अधिकारी परिसर में बाहर मौजूद धरने पर बैठे हैं।
# हरदोई
विभिन्न श्रमिक संगठनों की हड़ताल के चलते बैंक, बीमा व दूरसंचार में काम बाधित रहा। लेकिन जो यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं थी उनसे संबद्ध कर्मचारी काम करते रहे। इसलिए हड़ताल का बहुत प्रभावी असर नहीं रहा। बैंक आफ बडौदा, भारतीय स्टेट बैंक में हड़ताल का असर बिलकुल ही नहीं रहा। भारतीय जीवन बीमा निगम सहित जनरल बीमा कंपनियों में हड़ताल का आंशिक असर रहा।
# अंबेडकरनगर
केंद्रीय श्रमिक संगठनों के देश व्यापी हड़ताल का जिले में मिलाजुला असर रहा। मंगलवार को बैंकों में तालाबंदी कर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।बैंक बंद होने से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। एटीएम में कैश न होने से भी लोगों को कठिनाई हुई। बीमा कंपनी, डाक विभाग के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हुए। कर्मचारी अलग-अलग संगठनों के बैनर तले अपने-अपने संस्थानों में प्रदर्शन किया।
# बलरामपुर
जिले में मंगलवार का दिन प्रदर्शनकारियों के नाम रहा। श्रम सुधार में हो रही देरी व पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कई संगठनों ने दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी। ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन (एआइबीईए) ट्रेड यूनियन ने भी इसके समर्थन में जुलूस निकाला। सभी राष्ट्रीयकृत व सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के कर्मचारी भी इसमें शामिल रहे। चीनी मिल गेट पर भी श्रमिकों ने प्रदर्शन व नारेबाजी की। बैंक बंद होने से जिले में करीब दो हजार करोड़ का लेनदेन प्रभावित रह।
# गोंडा
केंद्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर मंगलवार को बैंकों में तालाबंदी करके कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते करीब 150 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। बैंक बंद होने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, बीमा कंपनी के कर्मी भी कार्य बहिष्कार में शामिल रहे। हड़ताल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा व अन्य संविदा कर्मी भी शामिल हुए। डाक विभाग में भी कर्मचारियों ने विरोध जताया। एटीएम में कैश न होने से लोगों को रुपये निकालने के लिए भटकना पड़ा।