नई दिल्ली से तेजस के समय में हुआ बदलाव, जानिए नया टाइम टेबल Lucknow News
लखनऊ से नई दिल्ली तेजस क्लास पहुंचेगी 615 घंटे में वापसी में नई दिल्ली से लखनऊ आने तक लेगी 630 का समय।
लखनऊ, जेएनएन। देश की कारपोरेट सेक्टर की पहली ट्रेन तेजस एक्सप्रेस अब नई दिल्ली से अपने बदले हुए समय से चलेगी। अब यह ट्रेन नई दिल्ली से शाम 4:30 बजे की जगह 3:35 बजे चलकर लखनऊ जंक्शन रात 10:45 बजे के स्थान पर रात 10:05 बजे आएगी। इस तरह अब तेजस एक्सप्रेस वापसी में 15 मिनट अधिक समय लेगी। रेलवे बोर्ड ने गुरुवार देर शाम तेजस एक्सप्रेस को चलाने का ट्रेन ऑर्डर जारी कर दिया। माना जा रहा है कि पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय शुक्रवार को ऑर्डर जारी करेगा। जिससे शनिवार से इस ट्रेन की बुकिंग हो सकती है। वहीं शुक्रवार सुबह 6:40 बजे पहली बार तेजस शहर के कई हिस्सों से होते हुए गोरखपुर तक ट्रायल के दौर से गुजरेगी।
तेजस एक्सप्रेस का पहले नई दिल्ली से रवाना होने का समय शाम 4:30 बजे रखा गया था। जबकि इसके ठीक पांच मिनट पहले 4:35 बजे सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के रवाना होने का समय था। दोनो ट्रेनों के समय में अंतर रखने के लिए ही रेलवे बोर्ड तेजस एक्सप्रेस का पहले टाइम टेबल में घोषित समय को ही तय कर दिया है। लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह ट्रेन 6:15 घंटे में ही नई दिल्ली पहुंचेगी। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस नंबर 82501 होगा। जबकि नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली तेजस एक्सप्रेस 82502 के नंबर से दौड़ेगी।
दीपावली पर मिलेगी राहत
तेजस एक्सप्रेस के संचालन से दीपावली पर लंबी वेटिंग के यात्रियों को राहत मिलेगी। आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव का कहना है कि पूर्वोत्तर रेलवे से ट्रेन ऑपरेशन ऑर्डर शुक्रवार तक जारी होगा। जिसके बाद कोशिश होगी कि वेबसाइट पर इसकी बुकिंग शनिवार से शुरू हो सके। इससे दीपावली पर लंबी वेटिंग वाले यात्री भी अपनी बुकिंग करा सकेंगे।
पांच को हो सकती है नई दिल्ली से वापसी
चार अक्टूबर को लखनऊ से नई दिल्ली के लिए ट्रेन को सुबह नौ बजे चलाने की तैयारी है। ऐसे में उसी दिन इसके लखनऊ आने की संभावना नहीं है। अगले दिन पांच अक्टूबर को नई दिल्ली से इस ट्रेन को तय समय पर नियमित रूप से लखनऊ के लिए चलाया जा सकता है। नियमित संचालन लखनऊ से छह अक्टूबर से हो सकता है।