लखनऊ में किशोरी को अगवा कर दो घंटे बाद बेहोशी की हालत में छोड़ा, तीन गिरफ्तार
लखनऊ स्थित जानकीपुरम क्षेत्र की घटना मुंह दबाकर ले गया था एक आरोपित। दो घंटे बाद बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर भागा।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी स्थित जानकीपुरम क्षेत्र में एक किशोरी को अगवा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व परिचित युवक किशोरी का मुंह दबाकर उसका अपहरण कर ले गया था और दो घंटे बाद बेहोशी की हालत में छोड़ गया। परिवारजन ने आरोपितों पर किशोरी से दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। एडीसीपी उत्तरी राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक अब तक की पड़ताल में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
किशोरी के भाई का आरोप है कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पड़ोस में रहने वाले जिवराइल मेरी बहन को मुंह दबाकर ले गया। करीब तीन बजे रात में आरोपित किशोरी को बेहोशी की हालत में वापस लेकर आया और अपनी दुकान के सामने छोड़ गया। परिवारजन का आरोप है कि जिवराइल ने किशोरी के साथ गलत हरकत की होगी। पीड़ित परिवार ने आरोपित को घेर लिया। इस बीच आरोपित ने अपने दोस्त मोबिन व उसके पिता कयूम को बुला लिया। दोनों की मदद से आरोपित गाड़ी में बैठकर भाग निकला।
आनन-फानन पहुंचे अधिकारी, हुई कार्रवाई
पुलिस को शनिवार तड़के करीब पौने चार बजे किशोरी के अपहरण की जानकारी मिली थी। इसके बाद आननफानन पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीसीपी उत्तरी, एसीपी क्राइम अगेंस्ट वीमेन, एसीपी अलीगंज व इंस्पेक्टर जानकीपुरम ने पड़ताल शुरू की। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच जॉइंट कमिश्नर नीलाब्जा चौधरी और नवीन अरोरा ने घटना स्थल और बलरामपुर अस्पताल जाकर पीड़िता व उसके परिवारजन से जानकारी ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कयूम, सुफियान और जिवराइल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मोबिना की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं।
दो दिन पहले मिली थी धमकी
आरोप है कि दो दिन पहले जिवराइल और उसके दोस्त सुफियान ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपित जिवराइल किशोरी को पहले से जानता था। छानबीन में पता चला है कि आरोपित ने किशोरी को शुक्रवार देर रात में फोन भी किया था। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
आरोप है कि दो दिन पहले जिवराइल और उसके दोस्त सुफियान ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपित जिवराइल किशोरी को पहले से जानता था। छानबीन में पता चला है कि आरोपित ने किशोरी को शुक्रवार देर रात में फोन भी किया था। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।