शादी करने जा रहा था फर्जी कर्नल पहुंच गया जेल
फर्जी कर्नल अरविंद मिश्र के गिरफ्तार होने का मामला। हिना ने बताया कि अरविंद ने कई लड़कियों की तबाह कर दी है जिंदगी। गुरुवार को करनी थी शादी, बुधवार को हो गया था गिरफ्तार।
लखनऊ, (जेएनएन)। फर्जी लेफ्टीनेंट कर्नल अरविंद मिश्र के गिरफ्तार होने के बाद पत्नी हिना जमवाल सामने आई हैं। दैनिक जागरण से बातचीत में हिना ने बताया कि अरविंद गुरुवार को दिल्ली की एक लड़की से शादी करने वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे बुधवार को ही दबोच लिया। हिना के मुताबिक आरोपित ने खुद को कर्नल बताकर कई लड़कियों को शादी का प्रस्ताव भेजा था और उनकी जिंदगी तबाह की थी।
हिना ने बताया कि उन्होंने बहराइच के महिला थाने में आरोपित के खिलाफ शिकायत की थी। यही नहीं राजधानी के महिला थाने में भी अरविंद के खिलाफ शिकायत हुई थी, जिसपर पुलिस ने उन्हें बहराइच जाने के लिए कहा था। हिना ने बताया कि अक्टूबर में शादी के चार माह बाद उन्हें पता चला था कि अरविंद फर्जी कर्नल है। बकौल हिना, 'मैंने सोचा कि अरविंद सुधर जाएगा, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह उल्टा मुझसे बोलता था कि मैं उसकी जिंदगी में महाकाल बनकर आई हूं। बहराइच में मुझे कुछ लड़कियों ने बताया कि अरविंद उनसे शादी का प्रस्ताव रख रहा है। यह सुनकर वह हैरान रह गईं। इसके बाद उन्होंने छानबीन शुरू की तो पता चला कि अरविंद अनेकों लड़कियों के संपर्क में है और सबको शादी का झांसा दे रखा है'।
मिलिट्री इंटेलीजेंस के संपर्क में है हिना
हिना ने अरविंद की शिकायत मिलिट्री में एक कर्नल से की थी। उन्होंने बताया था कि अरविंद फर्जी कर्नल है और वह कोई गलत काम कर सकता है। हिना का आरोप है कि अरविंद लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे रुपये भी ऐंठता था। कई महिलाओं से उसने मोटी रकम ले रखी है। जिस दिन पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया था, उसी दिन शाम को एक महिला डॉक्टर ने उसके खाते में करीब सवा लाख रुपये स्थानांतरित किए थे। हिना लगातार मिलीट्री इंटेलीजेंस के संपर्क में हैं।
बदला लेने के लिए किया गुमराह
हिना के मुताबिक अरविंद ने उनसे बदला लेने के लिए सबको गुमराह किया था। उसने उनके ताऊ के बारे में भ्रामक जानकारी देकर परिवार को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि उनके ताऊ सेवानिवृत अफसर हैं और सभी आरोप निराधार हैं।
सेना ने की हिना से पूछताछ
फर्जी ले.कर्नल के पकड़े जाने के बाद सेना ने जम्मू में हिना से संपर्क कर उनसे पूछताछ की है। हिना का कहना है कि वह गलत नहीं हैं। हिना ने अरविंद से जान का खतरा बताते हुए कहा है कि वह जमानत पर छूटने के बाद उनपर हमला भी कर सकता है।
एक ही पते पर दो लाइसेंस
आरोपित अरविंद ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर ले.कर्नल अरविंद मिश्र के नाम से ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाया था। आरोपित के पास से दो डीएल मिले थे, जो एक ही पते पर बहराइच में बने थे।