10 सवाल बताएंगे आपको स्लीप एप्निया तो नहीं, KGMU ने तैयार की सूची Lucknow News
केजीएमयू प्रॉस्थोडॉन्टिक्स विभाग ने तैयार की दस सवालों की सूची। जवाब के आकलन पर तय होगा किसे है यह बीमारी।
लखनऊ, जेएनएन। केजीएमयू में मेडिसिन ओपीडी में आने वाले मरीजों को दस सवाल दिए जाएंगे। इन सवालों के जवाबों का आकलन यह बताएगा कि मरीज स्लीप एप्निया का शिकार है या नहीं। यह व्यवस्था अगले महीने से शुरू होगी ताकि स्लीप एप्निया के मरीजों का चिन्हीकरण किया जा सके।
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की डेंटल फैकल्टी के प्रॉस्थोडॉन्टिक्स विभाग ने दस सवालों की एक प्रश्नोत्तरी तैयार की है। अगले माह से विभाग के कुछ स्कॉलर ओपीडी जाएंगे और इस प्रश्नोत्तरी को वहां आने वालों मरीजों से भरवाएंगे। हर सवाल का एक अंक है। इन्हीं अंकों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मरीज को स्लीप एप्निया है या नहीं।
विभाग के हेड प्रो. पूरन चंद का कहना है कि ब्लडप्रेशर और डायबिटीज के आधे से ज्यादा मरीज स्लीप एप्निया के शिकार होते हैं। जितने भी मरीज चिन्हित किए जाएंगे उसकी जानकारी उनका इलाज कर रहे डॉक्टर को भी दी जाएगी, ताकि उसका इलाज हो सके।
प्रो. पूरन ने बताया कि इस बीमारी के लिए डेंटल विभाग में एक डिवाइस भी है। इस डिवाइस को विभाग खुद बनवाता है। यह जबड़े में लगाकर सोने से स्लीप एप्निया पर काफी हद तक राहत मिलती है। एक से डेढ़ हजार रुपये में यह डिवाइस मुहैया कराई जाती है।