लखनऊ: तीसरे माले पर निर्माणाधीन छज्जे से गिरे दंपति, पति की मौत; पत्नी की हालत नाजुक
लखनऊ के बालागंज के एकतानगर चाणक्यपुरी में गुरुवार देर शाम निर्माणाधीन छज्जा गिरने से शशांक श्रीवास्तव (35) और उनकी पत्नी नीचे गिर गईं। हादसे में शशांक की मौत हो गई जबकि पत्नी की हालात नाजुक बताई जा रही है।
लखनऊ, जेएनएन। बालागंज के एकतानगर चाणक्यपुरी में गुरुवार देर शाम निर्माणाधीन छज्जा गिरने से शशांक श्रीवास्तव (35) और उनकी पत्नी नीचे गिर गईं। हादसे में शशांक की मौत हो गई जबकि पत्नी की हालात नाजुक बताई जा रही है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक पोस्टर्माटम हाउस से शव न मिलने पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
एकतानगर चाणक्यपुरी निवासी शशांक श्रीवास्तव दुग्ध कंपनी में नौकरी करते थें। उनके घर के तीसरे माले पर निर्माणकार्य बीते कई दिनों से चल रहा है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को शशांक के घर के तीसरे माले पर छज्जे की शटरिंग खुल रही थी। इस दौरान शशांक और उनकी पत्नी तृप्ति वहीं खड़ीं थी। एकाएक छज्जा भरभरा कर गिर गया। जिससे शशांक और उनकी पत्नी भी मलबे के साथ नीचे गिर गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को परिवारीजन ट्रामा लेकर पहुंचे। जहां, इलाज के दौरान शशांक की मौत हो गई। जबकि पत्नी की हालात नाजुक बताई जा रही है। शशांक के पिता सुधांशु ने बताया कि बेटे के अलावा परिवार में उसकी मां कुसुम दो बच्चे मुकुंद और तुषार हैं।
देर से शव मिलने पर पोस्टर्माटम में हाउस में हंगामा
गुरुवार देर रात हुई मौत के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक शशांक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ तो परिवारीजनों ने कर्मचारियों और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। शशांक के परिवारीजनों ने कहा कि रात में ही शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा दिया गया था। इसके बाद भी दोपहर तक शव का पोस्टर्माटम नहीं हो सका। कर्मचारियों की लापरवाही है। परिवारीजन दो दिन से परेशान हैं। बवाल बढ़ता देख आनन-फानन पोस्टमार्टम के बाद शशांक का शव उनके परिवारीजनों के सिपुर्द कर दिया गया।