लखनऊ छावनी परिषद में अब ऑनलाइन जमा कराएं टैक्स, 14 को ई-पोर्टल की लांचिंग करेंगे GOC
रक्षा मंत्रालय ने देश की सभी 62 छावनियों के लिए एकीकृत ई-पोर्टल की शुरुआत करने के आदेश पिछले साल दिए थे। दिल्ली छावनी के साथ पायलट प्रोजेक्ट के लिए लखनऊ आगरा सिकदंराबाद और पुणे छावनी को चुना गया था।
लखनऊ, जेएनएन। जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना हो या फिर गृहकर और जलकर जैसे टैक्स अदा करना हो। छावनी निवासियों को अब इसके लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। छावनी परिषद के ई-पोर्टल पर वह सीधे अपनी शिकायतों का निस्तारण कर सकेंगे। लखनऊ छावनी परिषद के ई-पोर्टल https://lucknow.cantt.gov.in की साफ्ट लांचिंग 14 दिसंबर को होगी। हालांकि रक्षामंत्री लखनऊ सहित देश की सभी 62 छावनियों के ई-पोर्टल का लोकार्पण जनवरी के पहले सप्ताह में करेंगे।
छावनी परिषद रक्षा मंत्रालय की म्यूनसिपल संस्था है। जो सैन्य व असैन्य क्षेत्र में नगर निगम की तरह सफाई, मार्ग प्रकाश, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करता है। छावनी क्षेत्र में रहने वाले निवासियों के बच्चों के जन्म लेने पर जन्म प्रमाण पत्र और किसी की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र परिषद की ओर से जारी किया जाता है। रक्षा मंत्रालय ने देश की सभी 62 छावनियों के लिए एकीकृत ई-पोर्टल की शुरुआत करने के आदेश पिछले साल दिए थे। दिल्ली छावनी के साथ पायलट प्रोजेक्ट के लिए लखनऊ, आगरा, सिकदंराबाद और पुणे छावनी को चुना गया था। पिछले छह महीने के ट्रायल के बाद अब लखनऊ सहित देश की सभी 62 छावनियों में इसे लागू करने की तैयारी है।
मध्य यूपी सब एरिया मुख्यालय के जीओसी मेजर जनरल राजीव शर्मा और सीईओ अमित कुमार मिश्र व उपाध्यक्ष रूपा देवी, पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, सदस्य रीना सिंघानियां जगदीश प्रसाद व संजय वैश्य की मौजूदगी में इस पोर्टल की साफ्ट लांचिंग 14 दिसंबर को होगी। जबकि औपचारिक रूप से देश की सभी छावनियों के ई-पोर्टल को जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू किया जाएगा।
मिलेंगी यह सुविधाएं
छावनीवासी ट्रेड लाइसेंस के आवेदन ऑनलाइन कर सकेंगे। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के अलावा सभी तरह के टैक्स का भुगतान, एम कलेक्ट, लोक शिकायत निवारण पोर्टल से हो सकेगा। सामुदायिक भवन और पानी के टैंकरों की बुकिंग भी इसी पोर्टल से होगी।