Swachh Survekshan 2020: PM नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ा रहा UP , तीन वर्ष में सुधरी रैंकिंग
Swachh Survekshan 2020उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने बीते तीन वर्ष की तुलना में इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन किया है।
लखनऊ, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का उत्तर प्रदेश पर गहरा असर हो गया है। स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश ने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में उत्तर प्रदेश को इस बार 19 पुरस्कार मिले हैं। इनमें वाराणसी, शाहजहांपुर तथा फिरोजाबाद तो देश में शीर्ष पर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने बीते तीन वर्ष की तुलना में इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन किया है। अखिल भारतीय स्तर के स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में उत्तर प्रदेश के 19 निकायों ने विभिन्न श्रेणियों में देश के दूसरे निकायों को पीछे छोड़ते हुए सम्मान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में उत्तर प्रदेश तो देश में सबसे ज्यादा पुरस्कार पाने वाला राज्य बना है। प्रदेश के कुल दो कैंट सहित 19 नगर निकाय को यह सम्मान मिला है। इनके साथ ही वाराणसी तथा शाहजहांपुर भी देश में शीर्ष पर हैं। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 12वीं नंबर पर लखनऊ नगर निगम रहा। उत्तर प्रदेश में लखनऊ नगर निगम पहले नंबर पर रहा। फास्टेस्ट मूवर्स स्टेट कैपिटल अवार्ड का नंबर वन विनर लखनऊ नगर निगम को घोषित किया गया।
अभियान के तहत देश के 12 स्वच्छ शहरों को पुरस्कृत किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश से दो नगर निगम, वाराणसी और शाहजहांपुर को यह सम्मान मिला। इसके साथ बाकी 17 निकायों में लखनऊ, फिरोजाबाद, कन्नौज, चुनार, गंगाघाट, आवागढ़, मेरठ कैंट, गजरौला, मुरादनगर, स्याना, पलियाकलां, मल्लावां, बरुआसागर, बकेवर, बलदेव, अछलदा और मथुरा कैंट को पुरस्कार मिला।
उत्तर प्रदेश के तीन निकाय को 2018 में सम्मान मिला था। 2019 में इनकी सख्या बढ़कर 14 हो गई, जबकि इस बार सम्मान पाने वाले निकायों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। प्रदेश सरकार ने यूपी में व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने का दावा किया है। लगभग 60 हजार सीटों के सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। फिलहाल तो प्रदेश के सभी निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं।
दस लाख से अधिक की आबादी की श्रेणी वाले शहरों में प्रदेश की रैंकिंग काफी सुधर गई है। देश में लखनऊ 12वें, आगरा 16वें, गाजियाबाद 19वें, प्रयागराज 20वें, कानपुर 25वें और वाराणसी 27वें स्थान पर हैं।